दो माह से सफाई व्यवस्था बदहाल, नालियां जाम; गंदगी और जलजमाव से ग्रामीण बेहाल

Nov 12, 2026 - 18:33
Nov 12, 2026 - 18:37
 0
दो माह से सफाई व्यवस्था बदहाल, नालियां जाम; गंदगी और जलजमाव से ग्रामीण बेहाल

मच्छरों के बढ़ते प्रकोप से संक्रामक बीमारियों का खतरा, शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार बेखबर 

छेदीलाल गुप्ता,मिठौरा /महराजगंज। विकास खंड मिठौरा की ग्राम सभा सिंहुली परसा में स्वच्छता व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। पिछले दो महीनों से गांव में नियमित सफाई नहीं होने के कारण जगह-जगह गंदगी का अंबार लगा है। नालियों की निकासी बाधित होने से गंदा पानी जमा हो रहा है। इससे उठने वाली दुर्गंध और मच्छरों के बढ़ते प्रकोप ने ग्रामीणों का जीना मुहाल कर दिया है।

ग्रामीणों के मुताबिक, गांव में तैनात सफाईकर्मी लंबे समय से सफाई कार्य के लिए नहीं पहुंच रहे हैं। नागेंद्र प्रधान के घर से माइनर नहर तक जाने वाली नाली की सफाई नहीं होने से जलनिकासी व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित है। नतीजतन गंदा पानी रास्तों और आसपास के स्थानों पर जमा हो रहा है।

ग्रामीणों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर ग्राम प्रधान को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन शिकायतों के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। गांव में नियमित सफाई के साथ मच्छरों से बचाव के लिए कीटनाशक दवाओं का छिड़काव भी नहीं कराया जा रहा है। ऐसे में जलजमाव और गंदगी के चलते संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बनी हुई है।

ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप की मांग करते हुए गांव में विशेष सफाई अभियान चलाने, जाम नालियों की सफाई कराने और मच्छररोधी दवाओं का छिड़काव सुनिश्चित कराने की मांग की है।

शिकायत करने वालों में ओमप्रकाश, पाल, प्रिंस, छोटू, मोछू, गणेश, भुअर, अमन, रामबेलास, राजू सहानी, हरेंद्र सहित अनेक ग्रामीण शामिल हैं।

जांच के बाद होगी कार्रवाई: इस संबंध में एडीओ पंचायत कौशल किशोर सिंह ने बताया कि मामला अभी तक उनके संज्ञान में नहीं था। अब जानकारी मिली है। प्रकरण की जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Akhilesh Rai कार्यकारी संपादक अमिट रेखा हिंदी दैनिक समाचार पत्र