तमकुहीराज में आजाद समाज पार्टी का जनसंपर्क अभियान तेज, 2027 चुनाव की तैयारी में जुटे नेता
विधानसभा क्षेत्र-331 में पहली बार प्रत्याशी उतारने की तैयारी, अधिवक्ता चंद्रशेखर आर्य को सौंपी गई विधानसभा प्रभारी की जिम्मेदारी
अमिटरेखा | कृष्णा यादव
तमकुहीराज, कुशीनगर। उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। तमाम राजनीतिक दलों के संभावित प्रत्याशियों ने अभी से गांवों की ओर रुख कर लिया है। जनसंपर्क, बैठकों और पार्टी की नीतियों के प्रचार-प्रसार के जरिए मतदाताओं के बीच अपनी पैठ मजबूत करने की कोशिशें शुरू हो गई हैं।
इसी क्रम में तमकुहीराज विधानसभा क्षेत्र संख्या-331 में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने भी अपनी राजनीतिक सक्रियता बढ़ा दी है। पार्टी इस विधानसभा क्षेत्र में पहली बार चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है। संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने के लिए गांव-गांव और घर-घर संपर्क अभियान चलाया जा रहा है।
पार्टी की ओर से राजस्व न्यायालय तमकुहीराज में कार्यरत अधिवक्ता चंद्रशेखर आर्य को विधानसभा प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, जनपद कुशीनगर में संगठनात्मक विस्तार की कवायद भी शुरू कर दी गई है। पार्टी के नेता और कार्यकर्ता लोगों से संवाद स्थापित कर अपनी विचारधारा एवं नीतियों से अवगत करा रहे हैं।
पार्टी कार्यकर्ताओं का दावा है कि समाज के वंचित, शोषित और कमजोर वर्गों के लोगों में संगठन के प्रति रुचि बढ़ रही है। जनसंपर्क के दौरान कार्यकर्ता सामाजिक न्याय और राजनीतिक भागीदारी जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठा रहे हैं।
उधर, प्रदेश स्तर पर भी गठबंधन की राजनीति को लेकर गतिविधियां तेज बताई जा रही हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद विभिन्न क्षेत्रीय दलों के साथ गठबंधन की संभावनाओं पर चर्चा कर रहे हैं। असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम सहित अन्य दलों के साथ संभावित राजनीतिक तालमेल को लेकर भी चर्चाएं हैं। हालांकि, गठबंधन को लेकर अभी किसी आधिकारिक घोषणा की पुष्टि नहीं हुई है।
पार्टी नेताओं के अनुसार, नवंबर 2026 के अंत तक गठबंधन की तस्वीर स्पष्ट होने की उम्मीद है, जबकि दिसंबर में गठबंधन की रणनीति के अनुरूप प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की संभावना जताई जा रही है।
फिलहाल तमकुहीराज विधानसभा में आजाद समाज पार्टी का बढ़ता जनसंपर्क अभियान आगामी चुनाव में नए राजनीतिक समीकरण बनने के संकेत दे रहा है। अब देखना होगा कि पार्टी का यह संगठनात्मक प्रयास 2027 के चुनाव में कितना प्रभाव छोड़ पाता है।