गोरखपुर जिला जेल में बंद विचाराधीन बंदी की इलाज के दौरान मौत,

Aug 22, 2026 - 22:55
 0
गोरखपुर जिला जेल में बंद विचाराधीन बंदी की इलाज के दौरान मौत,

गोरखपुर जिला जेल में बंद विचाराधीन बंदी की इलाज के दौरान मौत,

दौरे पड़ने के बाद अस्पताल में कराया गया था भर्ती

अमिट रेखा/जीतेन्द्र यादव/गोरखपुर 

गोरखपुर। जिला कारागार गोरखपुर में निरुद्ध करीब 30 वर्षीय विचाराधीन बंदी समीर शेख पुत्र तहसील, निवासी जसवल बाजार, थाना पीपीगंज की जिला चिकित्सालय में इलाज के दौरान मौत हो गई। जेल प्रशासन की ओर से जिला मजिस्ट्रेट को भेजी गई सूचना के अनुसार, समीर शेख को 19 अगस्त 2026 को घरेलू हिंसा अधिनियम के एक मामले में न्यायालय के आदेश पर जेल में दाखिल किया गया था।

जेल प्रशासन के मुताबिक, बंदी पहले से ही क्रॉनिक अल्कोहलिक था और लीवर व किडनी संबंधी बीमारी से पीड़ित था। 21 अगस्त की शाम उसे Generalized Tonic-Clonic Seizure (दौरे) की समस्या हुई। जेल में प्राथमिक उपचार के बाद हालत में सुधार नहीं होने पर उसे तत्काल जिला चिकित्सालय गोरखपुर भेजा गया।

जिला अस्पताल के आकस्मिक विभाग में चिकित्सकों ने उसका परीक्षण किया और उपचार के लिए भर्ती किया गया। जेल प्रशासन के पत्र के अनुसार, रात करीब 20:30 बजे विशेषज्ञ चिकित्सक ने बंदी को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना उसके परिजनों को भी दी गई। जेल प्रशासन ने शव का नियमानुसार पंचनामा और पोस्टमार्टम कराए जाने के लिए सक्षम मजिस्ट्रेट को नामित करने का अनुरोध किया है।