गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के लिए गौरव का विषय है कि विश्वविद्यालय के एमएससी बायोटेक्नोलॉजी के छात्र संदीप तिवारी ने 29वें राष्ट्रीय युवा उत्सव के अंतर्गत आयोजित विकसित भारत युवा नेता संवाद कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए “Building a Sustainable and Green Vikshit Bharat” ट्रैक में तृतीय स्थान प्राप्त किया है।
उल्लेखनीय है कि भारत सरकार के MyBharat पोर्टल के माध्यम से इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम का प्रथम चरण दिनांक 1 सितम्बर से 15 अक्टूबर तक ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता के रूप में आयोजित किया गया। इसके उपरान्त चयनित युवाओं ने द्वितीय चरण में दिनांक 23 अक्टूबर से 5 नवम्बर तक आयोजित ऑनलाइन निबंध प्रतियोगिता में भाग लिया। इस चरण में देशभर से प्राप्त 3523 निबंध पुस्तिकाओं का मूल्यांकन भारत सरकार के निर्देशानुसार नोडल एजेंसी के रूप में लखनऊ विश्वविद्यालय द्वारा किया गया, जिसके आधार पर 10 ट्रैकों में कुल 541 युवाओं का चयन किया गया।
विकसित भारत चैलेंज कार्यक्रम के तृतीय चरण के अंतर्गत राज्य स्तर पर आयोजित स्टेट चैम्पियनशिप पीपीटी प्रस्तुतीकरण कार्यक्रम में चयनित 541 प्रतिभागियों को दिनांक 12 एवं 13 दिसम्बर 2025 को लखनऊ विश्वविद्यालय आमंत्रित किया गया। प्रत्येक ट्रैक में विशेषज्ञ ज्यूरी द्वारा मूल्यांकन के उपरान्त भारत सरकार के प्रतिनिधि एवं मॉडरेटर अजय कश्यप द्वारा प्रतिभागियों का साक्षात्कार लिया गया तथा भारत 2047 के विजन एवं विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं पर उनके विचारों के आधार पर अंतिम अंक प्रदान किए गए।
इस कड़ी प्रतिस्पर्धा के उपरान्त श्री संदीप तिवारी ने अपने ट्रैक में तृतीय स्थान प्राप्त कर विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया। चयनित एवं विजेता युवाओं को दिनांक 11 एवं 12 जनवरी 2026 को स्वामी विवेकानन्द जी की जयंती के अवसर पर भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित 29वें राष्ट्रीय युवा उत्सव में प्रतिभाग का अवसर मिलेगा, जहां वे माननीय प्रधानमंत्री जी के समक्ष नये भारत के निर्माण हेतु अपना विजन प्रस्तुत करेंगे।
विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो पूनम टंडन ने संदीप तिवारी की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। विश्वविद्यालय परिवार को विश्वास है कि ऐसे प्रतिभाशाली छात्र भविष्य में भी राष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय का मान बढ़ाते रहेंगे।