चाय-मिठाई पर महंगाई की मार
बेकाबू हुए चीनी के दाम, जनता परेशान कड़वी
गोरखपुर में 75 रुपये किलो पहुंची कीमत,
चाय-मिठाई पर महंगाई की मार
गोरखपुर। पिछले कुछ दिनों से आम जनता की थाली और चाय से मिठास गायब होती जा रही है। फुटकर बाजार में चीनी की कीमतें बढ़कर 70 से 75 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच चुकी हैं। इसका सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ रहा है। जो चाय पहले 5 से 10 रुपये में मिलती थी, वह अब बढ़कर 15 से 20 रुपये की हो गई है।
आगामी त्योहारों के सीजन में चीनी के बढ़ते दामों ने मध्यमवर्गीय परिवारों की चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि महंगाई लगातार बेकाबू हो रही है और सरकार इस पर नियंत्रण पाने में असमर्थ दिख रही है। लोगों के अनुसार, 'बहुत हुई महंगाई की मार' जैसे सरकारी वादे अब खोखले साबित हो रहे हैं। त्योहारों के समय मिठाइयों की रंगत और मिठास दोनों पर ही इस महंगाई का ग्रहण लग गया है। आम जनता ने मांग की है कि सरकार जल्द से जल्द चीनी और अन्य आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों पर अंकुश लगाए।
दूसरी ओर, प्रशासन ने इन दावों को खारिज करते हुए स्थिति को नियंत्रण में बताया है। गोरखपुर के जिलाधिकारी दीपक मीणा का कहना है कि जिले में चीनी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है, जो आने वाले नवंबर महीने तक की खपत के लिए भी काफी है। उन्होंने जनता से अपील की है कि किसी भी तरह की घबराहट या अफवाह में न आएं, आपूर्ति में कोई कमी नहीं होने दी जाएगी।