राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का समापन, जिला सड़क सुरक्षा एवं विद्यालय यान परिवहन समिति की बैठक सम्पन्न

Feb 2, 2026 - 22:37
 0
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का समापन, जिला सड़क सुरक्षा एवं विद्यालय यान परिवहन समिति की बैठक सम्पन्न

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का समापन, जिला सड़क सुरक्षा एवं विद्यालय यान परिवहन समिति की बैठक सम्पन्न

अमिट रेखा/ प्रदीप कुमार श्रीवास्तव /कुशीनगर 

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह, जनवरी-2026 के समापन अवसर पर कल देर सायंकाल को जिला सड़क सुरक्षा समिति, जिला विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति तथा नो हेलमेट-नो फ्यूल के कड़ाई से अनुपालन से संबंधित बैठक का आयोजन अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) वैभव मिश्रा एवं अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रेम कुमार राय की संयुक्त अध्यक्षता में किया गया।
जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व)  द्वारा सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराने हेतु निर्देश दिए गए। समस्त संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए सड़क सुरक्षा समिति के निर्देशों का पालन करने के लिए कहा गया।
यातायात निरीक्षक को निर्देशित किया गया कि पुलिस विभाग द्वारा गठित सीसीटी (CCT) एवं जनपद के समस्त थानों से प्राप्त ब्लैक स्पॉट एवं दुर्घटना बाहुल्य स्थलों की सूचना संकलित कर, संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही हेतु प्रेषित की जाए।
जिला विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति की बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) द्वारा जनपद के समस्त विद्यालयों के प्रबंधक एवं प्रधानाचार्यों को विद्यालय यान परिवहन समिति का गठन कर नियमित बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अनफिट विद्यालय वाहनों का संचालन न करने, समस्त स्कूल वाहनों की फिटनेस सुनिश्चित कराने, वाहन चालकों एवं परिचालकों का चरित्र सत्यापन कराने तथा माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
नो हेलमेट-नो फ्यूल से संबंधित बैठक में अपर जिलाधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि जनपद में सर्वाधिक सड़क दुर्घटनाएं दो-पहिया वाहनों से होती हैं। जनपद को जीरो फैटेलिटी डिस्ट्रिक्ट के अंतर्गत रखा गया है। माननीय मुख्यमंत्री जी के निर्देशों के क्रम में जनपद के समस्त पेट्रोल पंपों पर नो हेलमेट-नो फ्यूल नीति का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा। बिना हेलमेट के किसी भी दो-पहिया वाहन चालक को ईंधन न दिए जाने के निर्देश दिए गए।
अंत में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह, जनवरी-2026 का विधिवत समापन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों एवं एनजीओ द्वारा सड़क सुरक्षा माह में उत्कृष्ट योगदान देने हेतु प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए।
प्रशस्ति-पत्र प्राप्त करने वालों में अजय कुमार गिरी, वाहिद अली (रोटरी क्लब),  पारसनाथ (उच्च शिक्षा विभाग/रोड सेफ्टी क्लब), वृजेश मोहन यादव एवं तेज बहादुर (गुड सेमेरिटन), नीरज बंका (स्काउट एवं गाइड), विजय कुमार राय (जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय), राहुल सोनी एवं मनोज वर्मा (सहायक अभियंता, पीडब्ल्यूडी), सोनू पांडेय (यातायात विभाग), राम ख्याली सत्यार्थी, सुहेल अंसारी एवं  शिव कुमार (परिवहन निगम) शामिल रहे।
उक्त बैठकों में पुलिस विभाग से सीओ ट्रैफिक, पीडब्ल्यूडी से सहायक अभियंता, परिवहन विभाग से यात्री/मालकर अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग से डिप्टी सीएमओ, परिवहन निगम से एआरएम, जिला पूर्ति अधिकारी, एनएचएआई, पीडब्ल्यूडी एनएच डिवीजन के अधिकारी-कर्मचारी, जनपद के समस्त विद्यालयों के प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य, समस्त पेट्रोल पंप प्रबंधक तथा ट्रांसपोर्ट यूनियन के पदाधिकारियों द्वारा प्रतिभाग किया गया।