फर्जी आईएएस गैंग का पर्दाफाश: 3 ठग गिरफ्तार
फर्जी आईएएस गैंग का पर्दाफाश: 3 ठग गिरफ्तार
अमिट रेखा/ जितेन्द्र कुमार
गोरखपुर। एसओजी टीम और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में गोरखपुर पुलिस ने फर्जी आईएएस अधिकारी बनकर ठगी करने वाले बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस गैंग के तीन सदस्यों—ललित किशोर उर्फ गौरव कुमार सिंह, अभिषेक कुमार और परमानंद गुप्ता—को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी मूल रूप से बिहार के जिला सीतामढ़ी अंतर्गत रीवा थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।
पत्रकारों वार्ता में पत्रकार को संबोधित
करते हुए एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि ये तीनों आरोपी खुद को आईएएस अधिकारी, सरकारी बड़े अफसर या मंत्रालय से जुड़े पदाधिकारी के रूप में प्रस्तुत करते थे। नौकरी दिलाने, सरकारी कार्य करवाने, प्रमोशन कराने और टेंडर पास करवाने के नाम पर ये लोगों को अपना शिकार बनाते थे और उनसे मोटी रकम ऐंठते थे। पुलिस को कई दिनों से इस गैंग की गतिविधियों की शिकायत मिल रही थी, जिसके बाद एसओजी और साइबर टीम ने संयुक्त छापेमारी कर आरोपियों को दबोच लिया।
पुलिस ने इनके कब्जे से भारी मात्रा में आपत्तिजनक व संदिग्ध सामग्री बरामद की है। इसमें 45,000 रुपये नकद, पीले दांत नकली आईडी कार्ड, सोने-मंगलसूत्र, अंगूठी, चैन, कई बैंकों के चेकबुक, पासबुक, पासपोर्ट, एटीएम कार्ड, लैपटॉप, नेम प्लेट, फर्जी फाइलें और अन्य दस्तावेज शामिल हैं। इनके पास से बरामद नेम प्लेट और पहचान पत्र आईएएस व अन्य उच्च पदों के नाम से बनाए गए थे, जिनका इस्तेमाल ये लोगों को भ्रमित करने के लिए करते थे।
एसपी सिटी ने बताया कि गैंग के काम करने का तरीका बेहद पेशेवर था। यह लोग पहले खुद को सीनियर आईएएस बताकर बातचीत करते, फिर पीड़ितों से मुलाकात कर भरोसा जीतते थे। इसके बाद सरकारी काम कराने का झांसा देकर विभिन्न किश्तों में पैसे वसूलते थे।
फिलहाल पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कठोर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आशंका जताई है कि आरोपियों ने गोरखपुर सहित कई जिलों में लोगों से ठगी की है।
पुलिस प्रशासन ने अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति के साथ ललित किशोर उर्फ गौरव कुमार सिंह ने ठगी की है, तो वह तत्काल गोरखपुर पुलिस से संपर्क कर तहरीर दे। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि सभी पीड़ितों की शिकायत पर निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई की जाएगी।