रामराज ऑल इंडिया फुटबॉल प्रतियोगिता के उद्घाटन मैच में छपरा की शानदार जीत
अमीट रेखा/अजीत मिश्र/सिसवानाहर/कुशीनगर
तरयासुजान में आयोजित रामराज ऑल इंडिया फुटबॉल प्रतियोगिता का उद्घाटन मुकाबला खेल प्रेमियों के लिए बेहद रोमांचक रहा। उद्घाटन मैच इलेवन स्टार गोरखपुर और ब्रेजा क्लब छपरा के बीच खेला गया, जिसमें दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया।मैच के पहले हाफ में इलेवन स्टार गोरखपुर ने आक्रामक खेल दिखाते हुए मध्यांतर से पूर्व एक गोल दागकर 1-0 की बढ़त बना ली। इसके बाद दूसरे हाफ में ब्रेजा क्लब छपरा ने जोरदार वापसी की और एक शानदार गोल कर मुकाबले को 1-1 से बराबरी पर ला दिया।
निर्धारित समय तक किसी भी टीम को निर्णायक बढ़त नहीं मिल सकी। इसके बाद 15 मिनट का अतिरिक्त समय भी दिया गया, लेकिन तब भी परिणाम नहीं निकल पाया। अंततः टाईब्रेकर शूटआउट का सहारा लिया गया, जिसमें ब्रेजा क्लब छपरा ने बाजी मारते हुए जीत दर्ज की और सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
उद्घाटन मैच के मुख्य अतिथि कुशीनगर से विधायक मा० पी. एन. पाठक रहे। उनके साथ हौसिला शर्मा, रविन्द्र पांडेय एवं प्रफुल्ल प्रसाद भी उपस्थित रहे।
मैच के दौरान दर्शकों से खचाखच भरा मैदान तालियों और नारों से गूंजता रहा। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने अनुशासित खेल और खेल भावना का परिचय दिया। उद्घाटन मुकाबले ने प्रतियोगिता को यादगार शुरुआत दी और आगामी मैचों को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
आयोजन समिति की ओर से प्रताप राय, प्रमोद ओझा, हरिकेश रावत, वसीम सर, संतोष मिश्रा, राजेश सिंह, अशोक केडी, अमर शर्मा, संतु ओझा, अमित तिवारी, कृष्ण वर्मा, सहाबुद्दीन, अंजन तिवारी सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।