रामकोला–मथौली मार्ग पर पुल निर्माण कार्य प्रारम्भ, भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित
अमिट रेखा /प्रदीप कुमार श्रीवास्तव /कुशीनगर
अधिशासी अभियंता लो0नि0 विभाग (निर्माण खण्ड) द्वारा अवगत कराया गया है कि जनपद में रामकोला–मथौली मार्ग के कि०मी०-2 (ग्राम उर्दहा) में बरसाती नाले पर पूर्व में निर्मित क्षतिग्रस्त लघु सेतु के स्थान पर नए सेतु (पुल) के निर्माण कार्य हेतु प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्राप्त हो गई है। उक्त कार्य हेतु निविदा प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है तथा वर्तमान में पुल का निर्माण कार्य प्रारम्भ करा दिया गया है।
निर्माण कार्य के दृष्टिगत हल्के वाहनों के आवागमन हेतु डायवर्जन का निर्माण कर दिया गया है। साथ ही इस मार्ग पर भारी वाहनों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित किया गया है। भारी वाहनों का आवागमन दिनांक 22 जनवरी 2026 से 22 अप्रैल 2026 तक निषिद्ध रहेगा। भारी वाहन चालक निकटवर्ती वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें।
उन्होंने बताया कि उक्त अवधि में यदि प्रतिबंध के बावजूद भारी वाहनों का प्रवेश किया जाता है और कोई अप्रिय घटना घटित होती है, तो उसकी समस्त जिम्मेदारी संबंधित वाहन स्वामी की होगी।