मासूम की मुस्कान लौटाने वाली पुलिस पर गांव ने बरसाया प्यार, फूल-मालाओं से हुआ भव्य सम्मान
दो माह के मासूम को दिल्ली से सकुशल वापस लाने वाली ठूठीबारी पुलिस का ग्रामीणों ने किया अभिनंदन, भावुक हुए माता-पिता
अखिलेश राय, कार्यकारी सम्पादक (अमिट रेखा) : ठूठीबारी (महराजगंज)। जिस घर में कभी मासूम के अपहरण के बाद चीख-पुकार मची थी, उसी घर में पुलिस की तत्परता ने फिर से खुशियां लौटा दीं। दो माह के मासूम को अपहरणकर्ताओं के चंगुल से सकुशल मुक्त कराकर परिवार की गोद में वापस पहुंचाने वाली ठूठीबारी पुलिस टीम पर रविवार को ग्रामीणों ने फूल बरसाकर अपना आभार जताया।
ग्राम राजाबारी रमजीता में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान थानाध्यक्ष समेत पुलिसकर्मियों को अंगवस्त्र और फूल-मालाएं पहनाकर सम्मानित किया गया। माहौल उस समय भावुक हो गया, जब मासूम के पिता गोविंद और उसकी मां ने थानाध्यक्ष को माला पहनाकर पुलिस टीम के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
दरअसल, बीते दिनों गांव से रात के समय दो माह के मासूम का अपहरण हो गया था। घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और पूरे गांव में भय व बेचैनी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही ठूठीबारी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर टीम गठित की और मासूम की तलाश में तेजी से कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस की मुस्तैदी और लगातार प्रयासों का नतीजा रहा कि महज कुछ ही घंटों में दिल्ली के कश्मीरी गेट इलाके से मासूम को सकुशल बरामद कर लिया गया। बच्चे की सुरक्षित वापसी ने माता-पिता की सूनी गोद में फिर से खुशियां भर दीं।
समारोह में ग्राम प्रधान ऋषिकेश यादव ने कहा कि पुलिस ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए पूरे गांव को बड़ी राहत दी है। वहीं व्यापार मंडल अध्यक्ष भवन गुप्ता और भाजपा नेता बाबूनंदन शर्मा ने कहा कि दिल्ली जैसे महानगर से मासूम को सुरक्षित वापस लाना पुलिस की बड़ी उपलब्धि है। ऐसे कार्यों से जनता का पुलिस पर विश्वास और मजबूत होता है।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष गौतम, जिला मंत्री बाबूनंदन शर्मा, ग्राम प्रधान ऋषिकेश यादव, इंटू सिंह, गौतम चौधरी, मोहन चौधरी, गोरख तिवारी सहित सैकड़ों ग्रामीण एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
एक मासूम की मुस्कान बची, एक परिवार की दुनिया फिर आबाद हुई और पुलिस के प्रति पूरे गांव का भरोसा और गहरा हो गया।