थाना प्रभारी बनी तेजस्वी,खाकी को करीब से देखा तो डर की जगह चेहरे पर दिखी मुस्कान
थाना प्रभारी बनी तेजस्वी, खाकी को करीब से देखा तो डर की
जगह चेहरे पर दिखी मुस्कान
नवरात्र में मिशन शक्ति की अनोखी पहल, राजघाट थाने में बेटियों
ने जाना पुलिस का काम और महिला सुरक्षा के गुर
अमिट रेखा/संतराज यादव सहजनवा /गोरखपुर
नवरात्र के पावन अवसर पर मिशन शक्ति अभियान के तहत राजघाट थाना परिसर में बुधवार को बेटियों के लिए एक यादगार पहल की गई। फन एंड लर्न स्कूल की कक्षा 11 की छात्रा तेजस्वी गुप्ता, पुत्री गणेश गुप्ता, निवासी बसंतपुर, थाना राजघाट को एक दिन के लिए थाना प्रभारी बनाया गया। थाना प्रभारी की कुर्सी पर बैठते ही तेजस्वी के चेहरे पर आत्मविश्वास और खुशी साफ नजर आई।
राजघाट थाना प्रभारी गौरव कुमार वर्मा की मौजूदगी में तेजस्वी को जनसुनवाई, पुलिस की कार्यप्रणाली, महिला सुरक्षा और शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई। इसके साथ ही विद्यालय की छात्राओं को थाने के मिशन शक्ति केंद्र, साइबर हेल्पडेस्क, सीसीटीएनएस कक्ष और मालखाने का भ्रमण कराया गया।
*‘आज का दिन मेरे लिए ऐतिहासिक पल’
एक दिन की थाना प्रभारी बनने के बाद तेजस्वी गुप्ता ने कहा कि यह उनके जीवन का ऐतिहासिक पल है। उन्होंने बताया कि थाना प्रभारी की कुर्सी पर बैठकर सबसे पहले उन्होंने थाने की व्यवस्थाओं और पुलिस की कार्यप्रणाली को समझा। महिला सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी पुलिस अधिकारियों ने दीं।
तेजस्वी ने कहा कि सरकार महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर है। महिलाओं से जुड़ी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई होना जरूरी है, ताकि समाज में कानून का राज मजबूत हो और महिलाओं का पुलिस के प्रति विश्वास बढ़े।पुलिस थाने में पहली बार पहुंचीं तो डर की जगह दिखी मुस्कान*
फन एंड लर्न स्कूल की छात्राओं के चेहरों पर भी इस पहल को लेकर अलग तरह की खुशी देखने को मिली। कई बच्चियों के लिए यह पहला मौका था, जब उन्हें पुलिस थाने के अंदर जाकर वहां की व्यवस्था और पुलिसिंग को करीब से देखने का अवसर मिला।
पुलिस के नाम से मन में रहने वाला डर उस समय कम होता नजर आया, जब छात्राओं ने पुलिसकर्मियों को उनके बीच सहज और मित्रवत व्यवहार करते देखा। उन्हें एहसास हुआ कि खाकी सिर्फ सख्ती का प्रतीक नहीं, बल्कि जरूरत के समय सुरक्षा और मदद का भरोसा भी है।
बच्चियों को उपहार देकर बढ़ाया उत्साह*
कार्यक्रम के अंत में थाना प्रभारी गौरव कुमार वर्मा ने छात्राओं को उपहार भी भेंट किए। उपहार पाकर बच्चियों के चेहरों पर खुशी और उत्साह और बढ़ गया। पुलिस की ओर से मिले इस स्नेहपूर्ण व्यवहार ने कार्यक्रम को और यादगार बना दिया।
मिशन शक्ति के तहत आयोजित इस पहल ने छात्राओं के मन में पुलिस के प्रति भरोसा बढ़ाने के साथ ही उन्हें महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और कानून व्यवस्था को समझने का अवसर दिया।
एक दिन की थाना प्रभारी बनी तेजस्वी के लिए यह सिर्फ थाना प्रभारी की कुर्सी पर बैठने का अनुभव नहीं था, बल्कि यह उस आत्मविश्वास की शुरुआत थी, जिसमें बेटियां खुद को सुरक्षित महसूस करने के साथ भविष्य में नेतृत्व की भूमिका में भी देख सकें।