तमकुहीराज में आरएसएस का पथ संचलन, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम का दिया संदेश

Nov 1, 2026 - 15:44
 0
तमकुहीराज में आरएसएस का पथ संचलन, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम का दिया संदेश

बाजार में स्वयंसेवकों पर हुई पुष्पवर्षा, कदम से कदम मिलाकर निकले स्वयंसेवक 

अमिटरेखा | कृष्णा यादव  

तमकुहीराज, कुशीनगर।  राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की तमकुहीराज शाखा के तत्वावधान में रविवार को पथ संचलन निकाला गया। कोईंदी ब्रह्मस्थान से शुरू हुआ संचलन नगर पंचायत के मुख्य बाजार से होते हुए तमकुहीराज ओवरब्रिज चौराहे पर पहुंचकर संपन्न हुआ। इस दौरान स्वयंसेवकों ने एकता, अनुशासन, सामाजिक समरसता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। नगर भ्रमण के दौरान स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर स्वयंसेवकों का स्वागत किया।

रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे निकले पथ संचलन में बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों ने हिस्सा लिया। निर्धारित गणवेश में कदम से कदम मिलाकर चलते स्वयंसेवकों ने संगठन की एकजुटता और अनुशासन का परिचय दिया। सफेद कमीज, भूरी पैंट और काली टोपी में सजे स्वयंसेवक आकर्षण का केंद्र रहे।

पथ संचलन के माध्यम से सामाजिक एकता, सांस्कृतिक गौरव और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश दिया गया। स्वयंसेवकों की एकरूपता ने संगठन में समानता और सामूहिकता की भावना को भी प्रदर्शित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में आपसी सद्भाव, राष्ट्रीय चेतना और देश के प्रति नागरिकों की जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना रहा।

संघ के स्थापना दिवस एवं शताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित गतिविधियों के क्रम में पथ संचलन का विशेष महत्व रहा। कार्यक्रम का संचालन जिला प्रचारक प्रवीण कुमार सहित संघ के पदाधिकारियों की देखरेख में हुआ। संचलन में बड़ी संख्या में स्वयंसेवक मौजूद रहे। नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते समय लोगों ने पुष्पवर्षा कर उनका उत्साहवर्धन किया।

Akhilesh Rai कार्यकारी संपादक अमिट रेखा हिंदी दैनिक समाचार पत्र