यदुवंशी परिवारों में परंपरागत उल्लास के साथ मनाई गई गोवर्धन पूजा, गोबर से बनाई गई गोवर्धन की आकृति
यदुवंशी परिवारों में परंपरागत उल्लास के साथ मनाई गई गोवर्धन पूजा, गोबर से बनाई गई गोवर्धन की आकृति
कृष्णा यादव,तमकुहीराज/कुशीनगर। गोपालक परंपरा और भगवान श्रीकृष्ण की आस्था से जुड़े गोवर्धन पूजा का पर्व सोमवार को तमकुहीराज क्षेत्र में नंद बाबा की वंश परंपरा से जुड़े यदुवंशी परिवारों में बड़े ही हर्षोल्लास और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। सुबह से ही घरों में उत्सव का माहौल रहा और महिलाओं ने पूजा-अर्चना की तैयारियां शुरू कर दीं।
इस अवसर पर यदुवंशी परिवारों की महिलाओं ने पशुओं के रहने वाले स्थानों की साफ-सफाई कर गाय के गोबर और पानी से जमीन की लिपाई की। इसके बाद गोबर से प्रतीकात्मक गोवर्धन पर्वत की आकृति तैयार की गई। उसके चारों ओर पशुओं के चारा, नाद-खूंटा और गौमाता के बैठने के स्थान को दर्शाते हुए पारंपरिक प्रतीक बनाए गए। आकृति को सब्जियों, फूलों और अन्य पूजन सामग्री से सजाकर विधि-विधान के साथ भगवान गोवर्धन की पूजा की गई।
ग्रामीण क्षेत्रों में इस पर्व को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। लोगों ने गोवंश के संरक्षण, समृद्धि और सुख-शांति की कामना करते हुए सदियों पुरानी परंपरा का निर्वहन किया।
वहीं, भैया दूज की तिथि को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में अलग-अलग चर्चाएं और भ्रांतियां भी सामने आ रही हैं। कुछ लोगों का कहना है कि मंगलवार को भैया दूज की पूजा नहीं की जाएगी और बुधवार को परंपरागत रूप से यह पर्व मनाया जाएगा। हालांकि, पर्व की सही तिथि और शुभ मुहूर्त के लिए पंचांग एवं स्थानीय विद्वानों की जानकारी को आधार मानने की अपील की जा रही है।