तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से युवक की दर्दनाक मौत
तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से युवक की दर्दनाक मौत
अमिट रेखा/बघौचघाट/देवरिया
तरकुलवा थाना क्षेत्र के देवरिया–कसया मुख्य मार्ग पर सड़क हादसे में एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। सोन्हुला रामनगर से कुछ दूर नहर के पास सड़क पार कर रहे एक व्यक्ति को तेज रफ्तार अनियंत्रित बाइक सवार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सड़क पार कर रहा युवक सड़क पर गिर गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान फुल बदन चौबे (50 वर्ष) निवासी सोन्हुला रामनगर, चौबे टोला मुहपतरही के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कसया की ओर से आ रही तेज रफ्तार बाइक का चालक नियंत्रण खो बैठा और नहर के समीप सड़क पार कर रहे फुल बदन चौबे को चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद बाइक चालक मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तरकुलवा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बाद में महर्षि देवराहा बाबा मेडिकल कॉलेज, देवरिया ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
मौत की खबर मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी कैलाशी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। फुल बदन अपने परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। उनके छह बेटियां और आठ वर्षीय एक बेटा बजरंगी है।