तेज रफ्तार चारपहिया की टक्कर से साइकिल सवार अधेड़ गंभीर घायल
अमिट रेखा/बघौचघाट/देवरिया
स्थानीय थाना क्षेत्र के मलवाबर बनरही गांव के समीप मेन मार्ग पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बघौचघाट–पकहां मार्ग पर मस्जिद के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार अनियंत्रित चारपहिया वाहन की चपेट में आने से साइकिल सवार अधेड़ गंभीर रूप से घायल हो गया।जिसका इलाज मेडिकल कॉलेज देवरिया में चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मलवाबर बनरही गांव निवासी 55 वर्षीय राजेंद्र तुरहा पुत्र नथुनी तुरहा किसी जरूरी कार्य से साइकिल द्वारा कुशवाहा चौक की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह गांव के समीप बघौचघाट–पकहां मुख्य मार्ग पर मस्जिद के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रहा तेज रफ्तार चारपहिया वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि राजेंद्र तुरहा सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोट आई।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को आनन-फानन में एक निजी वाहन से मेडिकल कॉलेज देवरिया पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है,उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
उधर, घटना की सूचना मिलते ही बघौचघाट पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई है।