छात्रा का आईआईटी दिल्ली के कैंपस एंबेसडर कार्यक्रम में चयन
अमिट रेखा/ जितेन्द्र कुमार
गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की बी.ए. (ऑनर्स) द्वितीय वर्ष (तृतीय सेमेस्टर) की छात्रा अंशिका त्रिपाठी का चयन भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) दिल्ली के उद्यमिता विकास प्रकोष्ठ द्वारा संचालित कैंपस एंबेसडर प्रोग्राम (2025–26) के लिए किया गया है।
यह राष्ट्रीय स्तर का प्रतिष्ठित कार्यक्रम विद्यार्थियों को उद्यमिता, नेतृत्व और नवाचार के क्षेत्र में व्यावहारिक अनुभव प्रदान करता है। यह कार्यक्रम वर्क-फ्रॉम-होम आधार पर 45 दिनों की अवधि का होगा, जिसकी शुरुआत 15 दिसंबर 2025 से होगी।
छात्रा की इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि आईआईटी दिल्ली जैसे प्रतिष्ठित संस्थान के कार्यक्रम में डीडीयू गोरखपुर विश्वविद्यालय की छात्रा का चयन विश्वविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण और विद्यार्थियों की प्रतिभा को दर्शाता है। यह अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।
अंशिका त्रिपाठी ने इस उपलब्धि को विश्वविद्यालय और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम बताते हुए आभार व्यक्त किया।