औद्योगिक भ्रमण से छात्राओं को मिला व्यवहारिक अनुभव
अमिट रेखा/जितेन्द्र कुमार
गोरखपुर । चन्द्रकान्ति रमावती देवी आर्य महिला पीजी कॉलेज, गोरखपुर में वाणिज्य एवं समाजशास्त्र विभाग के संयुक्त तत्वावधान में छात्राओं ने शैक्षणिक पाठ्यक्रम के अंतर्गत आज वी०एन० डायर्स एण्ड प्रॉसेसर प्राइवेट लिमिटेड, बरगदवाँ, गोरखपुर में औद्योगिक भ्रमण किया गया। इस भ्रमण का उद्देश्य छात्राओं को सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव प्रदान कराना था। औद्योगिक भ्रमण के दौरान छात्राओं को उद्योग की कार्यप्रणाली, लेखांकन प्रणाली, प्रबंधन संरचना एवं विपणन प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। संस्था के अधिकारियों ने उत्पादन प्रक्रिया तथा व्यवसायिक संचालन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा कीं। छात्राओं ने उद्योग विशेषज्ञों से संवाद कर अपने करियर से जुड़े प्रश्न पूछे। साथ आए प्राध्यापकों ने छात्राओं का मार्गदर्शन किया। इस अवसर पर छात्राओं में विशेष उत्साह देखने को मिला तथा उन्होंने इस औद्योगिक भ्रमण को अपने शैक्षणिक एवं व्यावहारिक विकास के लिए अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताया। यह औद्योगिक भ्रमण छात्राओं के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक सिद्ध हुआ।
औद्योगिक भ्रमण का सफल संचालन वाणिज्य विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. धीरज कुमार, सौम्या द्विवेदी एवं समाजशास्त्र विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. मांगलिका त्रिपाठी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। औद्योगिक भ्रमण के दौरान वाणिज्य एवं समाजशास्त्र विभाग की समस्त छात्राएं उपस्थित रही।