हर साल लगने वाला ‘निशुल्क सेवा मेला’ बना गरीबों का जीवन-सहारा
अमिट रेखा/संत राजयादव/गोरखपुर/सहजनवा
ग्राम पंचायत मुंडा कोड़रा में वर्षों से चल रही एक अनोखी परंपरा आज भी मानवता की मिसाल पेश कर रही है। हर साल की तरह इस वर्ष भी डॉ. रितु सहाय द्वारा आयोजित निशुल्क सेवा मेला गरीबों, असहायों और जरूरतमंदों के लिए किसी वरदान से कम नहीं रहा। इस सेवा शिविर में मरीजों की फ्री जांच, निशुल्क दवा वितरण, साथ ही भोजन-पानी की सम्पूर्ण व्यवस्था की गई वह भी बिना किसी शुल्क के, सिर्फ मानवता के नाम पर।
डॉ. रितु सहाय का यह आयोजन उनके पिता के सपनों को साकार करने की जीती-जागती कहानी माना जा रहा है। मौके पर पहुंचे सहजनवा विधायक प्रदीप शुक्ला ने उनकी सराहना करते हुए कहा,
अगर किसी बेटी में अपने पिता के अधूरे सपनों को पूरा करने का संकल्प और सामर्थ्य है, तो वह डॉ. रितु सहाय हैं। हर वर्ष अपने पिता के जन्मदिन पर गरीबों और असहायों के लिए सेवा का ऐसा पुनीत कार्य करना वास्तव में प्रेरणादायक है।
मेले में सैकड़ों की संख्या में पहुंचे मरीजों ने शिविर की व्यवस्थाओं की खुलकर प्रशंसा की। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह का मेला न सिर्फ लोगों का इलाज करता है, बल्कि उनके मन में यह भरोसा भी जगाता है कि समाज में आज भी ऐसे लोग मौजूद हैं जो बिना किसी स्वार्थ के मानव सेवा को अपना धर्म मानते हैं।
डॉ. रितु सहाय ने कहा कि यह मेला सिर्फ कार्यक्रम नहीं, बल्कि उनके पिता की विरासत है। उनका उद्देश्य है कि कोई भी गरीब इलाज के अभाव में पीड़ा न सहे।
मानवता को समर्पित ऐसी पहलें न सिर्फ समाज को नई दिशा देती हैं, बल्कि बदलते समय में सेवा के सच्चे अर्थ भी समझाती हैं इस मौके पर.. विधायक प्रदीप शुक्ला, राम अचल शुक्ला, केशव शुक्ला, राकेश शुक्ला,मनीष शुक्ला, राम लखन शुक्ला, झीनक शुक्ला. सहित विभिन्न लोग मौजूद रहे |