बेंगलुरु हादसा:देवरिया गौरकोठी निवासी तीसरे युवक अभिनय ने भी तोड़ा दम
बेंगलुरु हादसा:देवरिया गौरकोठी निवासी तीसरे युवक अभिनय ने भी तोड़ा दम
एक ही परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
अमिट रेखा / ब्यूरो देवरिया
कर्नाटक के बेंगलुरु में गैस रिसाव से लगी आग ने देवरिया के एक ही परिवार की खुशियां पूरी तरह उजाड़ दीं। इस दर्दनाक हादसे में झुलसे तीसरे युवक अभिनय शर्मा उर्फ गुच्छक (26) पुत्र रामाश्रय शर्मा ने भी मंगलवार की रात इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इससे पहले उनके भाई अविनाश और बहनोई रामबचन की भी मौत हो चुकी थी।
बुधवार को जब अभिनय का शव उनके पैतृक गांव गौर कोठी पहुंचा, तो पूरे गांव में कोहराम मच गया। हर आंख नम थी, हर दिल सन्न। एक ही घर से तीन-तीन अर्थियां उठने का मंजर इतना भयावह था कि लोगों की रूह कांप उठी।
बताया जा रहा है कि तीनों युवक बेंगलुरु में एक निजी कंपनी में काम करते थे और कंपनी के पास किराये के कमरे में रहते थे। 19 मार्च की सुबह करीब 5 बजे कमरे में गैस रिसाव हो रहा था। जैसे ही बिजली का स्विच ऑन किया गया, चिंगारी ने विकराल रूप ले लिया और देखते ही देखते पूरा कमरा आग की लपटों में घिर गया।आग इतनी तेज थी कि तीनों युवक बुरी तरह झुलस गए। स्थानीय लोगों ने किसी तरह उन्हें बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन जिंदगी की जंग में वे हारते चले गए—21 मार्च को रामबचन,22 मार्च को अविनाश,और 24 मार्च की रात अभिनय ने भी दम तोड़ दिया।गांव में जब अभिनव की मौत की खबर पहुंची, तो हर घर में मातम छा गया। दिन बुधवार को अंतिम दर्शन के दौरान चीख-पुकार और बिलखते परिजनों का दृश्य दिल को झकझोर देने वाला था। मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है—जिस बेटे को बेहतर भविष्य के लिए शहर भेजा था, वह अब सिर्फ यादों में रह गया।यह हादसा सिर्फ एक परिवार का नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गहरा जख्म बन गया है। गांव के लोग अब भी स्तब्ध हैं—एक ही चिंगारी ने तीन जिंदगियां बुझा दीं और पीछे छोड़ दिया अंतहीन दर्द।