बूथ मजबूती पर भाजपा कार्यकर्ताओं को पूर्व विधायक ने दिया जीत का मंत्र, 2027 की तैयारी तेज
तरया लच्छीराम में बैठक कर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर दिया जोर
अमिटरेखा | कृष्णा यादव | तमकुहीराज, कुशीनगर।
जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव 2027 नजदीक आ रहे हैं, राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। विभिन्न दलों के संभावित उम्मीदवार अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन और कार्यकर्ताओं के बीच सक्रियता बढ़ा रहे हैं। पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं होने के बीच चुनावी तैयारियों और जनसंपर्क का दौर शुरू हो गया है।
इसी क्रम में सोमवार को तमकुहीराज विधानसभा क्षेत्र के तरया लच्छीराम स्थित परमहंस विद्या भवन में पूर्व विधायक नंदकिशोर मिश्रा की अध्यक्षता में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पार्टी के पुराने कार्यकर्ताओं के साथ युवाओं ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी की।
बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक नंदकिशोर मिश्रा ने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। आगामी विधानसभा चुनाव में बूथों पर जीत सुनिश्चित करने के लिए अभी से समर्पण, सक्रियता और एकजुटता के साथ काम करना होगा।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने तथा जनता की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक उठाने का आह्वान किया। कहा कि संगठन की मजबूती और पार्टी की सफलता कार्यकर्ताओं की मेहनत एवं सक्रिय भूमिका पर निर्भर करती है। टिकट वितरण पार्टी का निर्णय है, लेकिन संगठन को मजबूत बनाना और बूथ स्तर पर तैयारी करना प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है।
बैठक में पुराने संगठनात्मक सदस्यों के साथ युवाओं की बड़ी संख्या में मौजूदगी रही। कार्यकर्ताओं ने आगामी चुनाव को लेकर संगठनात्मक सक्रियता बढ़ाने और बूथ स्तर पर मजबूती से जुटने का संकल्प लिया।