प्राइमरी स्कूल की दीवार तोड़ बरामदे में घुसा ट्रेक्टर:नेबुआ में चालक घायल, चीनी मिल से लौटते समय हादसा हुआ
अमिट रेखा/ शमसाद अंसारी /कुशीनगर
नेबुआ नौरंगिया क्षेत्र के पकड़ियार-लक्ष्मीगंज मार्ग पर गुरुवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। चीनी मिल से गन्ना गिराकर लौट रहा एक अनियंत्रित ट्राला विजयपुर गांव के लाला टोले स्थित प्राथमिक विद्यालय की चारदीवारी तोड़कर सीधे बरामदे में जा घुसा।हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। इस घटना में विद्यालय की चारदीवारी और बरामदे को भारी नुकसान पहुंचा है। ग्रामीणों के अनुसार, ट्राला तेज रफ्तार में था और मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे यह दुर्घटना हुई।
गनीमत रही कि सर्दी की छुट्टियों के कारण विद्यालय बंद था। यदि उस समय बच्चे और शिक्षक विद्यालय में मौजूद होते, तो बड़ा जान-माल का नुकसान हो सकता था।
दुर्घटना में ट्राला चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।
इस घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश देखा गया। लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और आवाजाही के कारण पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मार्ग पर गति सीमा निर्धारित करने की मांग की है।