देवरिया में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान शुरू, 16 दिसंबर तक जुड़वा सकेंगे नाम

Nov 17, 2026 - 20:38
Nov 17, 2026 - 20:39
 0
देवरिया में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान शुरू, 16 दिसंबर तक जुड़वा सकेंगे नाम

बूथों पर आलेख्य मतदाता सूची प्रकाशित, नाम जोड़ने और संशोधन के लिए विशेष अभियान दिवस घोषित 

घनश्याम मणि त्रिपाठी, देवरिया। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों में मंगलवार को मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन कर दिया गया। मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक चलेगा।

कलेक्ट्रेट में आयोजित प्रेसवार्ता में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने बताया कि अभियान के दौरान पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने, हटवाने और विवरण में संशोधन कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं।

नया नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6, नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 तथा नाम, पता और अन्य विवरणों में संशोधन के लिए फॉर्म-8 भरना होगा। 21-22 नवंबर और 28-29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस आयोजित होंगे। इस दौरान बीएलओ मतदान केंद्रों पर मौजूद रहकर आवेदन प्राप्त करेंगे।

मतदाताओं को जागरूक करने के लिए ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन सेंटर शुरू किया गया है। वहीं निर्वाचन संबंधी जानकारी और शिकायतों के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1950 जारी किया गया है। बुक-अ-कॉल सुविधा के जरिए भी मतदाता अपने बीएलओ से संपर्क कर सकेंगे।

जिलाधिकारी ने बताया कि 16 दिसंबर तक प्राप्त आवेदनों का डिजिटाइजेशन कर आयोग को भेजा जाएगा। 28 दिसंबर तक दावे और आपत्तियों का निस्तारण होगा तथा 4 जनवरी को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।

उन्होंने सभी पात्र नागरिकों से अपील की कि वे अपने मतदान केंद्र पर मतदाता सूची में नाम अवश्य जांच लें, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।

इस दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन प्रेम नारायण सिंह, एएसडीएम अखिलेश कुमार यादव सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Akhilesh Rai कार्यकारी संपादक अमिट रेखा हिंदी दैनिक समाचार पत्र