अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम

Apr 24, 2026 - 12:34
 0
अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम

अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम

अमिट रेखा/बघौचघाट/देवरिया 

क्षेत्र के मोतीपुर गांव निवासी एक युवक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार मोतीपुर निवासी फसीबुल्लाह सिद्दीकी पुत्र हजरत अली विदेश जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी सिलसिले में मेडिकल जांच कराने के लिए वह बाइक से बिहार गए थे। मेडिकल कराने के बाद गुरुवार देर रात वापस लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि एनएच-28 पर तमकुहीराज में किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उनके सिर पर गंभीर चोट लगी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

राहगीरों ने घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचना दी। कुशीनगर पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है और अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।

मृतक चार भाइयों में सबसे छोटा होनहार युवक था और विदेश जाकर परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने का सपना देख रहा था। उनके पिता खेती-किसानी करते हैं, जबकि माता गृहिणी हैं। हादसे की खबर मिलते ही पत्नी हुस्ना खातून और मां नजबून निशा का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बताया गया कि मृतक की कोई संतान नहीं थी।

घटना की सूचना मिलते ही समाजसेवी वसीम अहमद, पूर्व ग्राम प्रधान नौशाद अहमद समेत कई लोग पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और शोक संवेदना व्यक्त की। पूर्व प्रधान नौशाद अहमद ने कहा कि फसीबुल्लाह की असमय मौत से पूरे गांव में गहरा दुख है।