किसान दिवस पर प्रशासन–किसान संवाद, डीएम ने सुनी समस्याएं, खाद कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

Dec 23, 2025 - 16:20
 0
किसान दिवस पर प्रशासन–किसान संवाद, डीएम ने सुनी समस्याएं, खाद कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

अमिट रेखा/ विनीत कुमार 

गोरखपुर। जनपद गोरखपुर में किसान दिवस के अवसर पर एनेक्सी सभागार में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ नेता राधेश्याम सिंह तथा विशिष्ट अतिथि जिलाधिकारी दीपक मीणा रहे। इस अवसर पर देश के पूर्व प्रधानमंत्री एवं किसानों के मसीहा कहे जाने वाले चौधरी चरण सिंह की जयंती पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई। सभागार में मौजूद किसानों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने चौधरी चरण सिंह के किसान हितैषी विचारों को स्मरण करते हुए उन्हें नमन किया।

कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विकास खंडों से आए सैकड़ों किसानों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। सम्मान समारोह के दौरान जिलाधिकारी दीपक मीणा ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और कई मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि चौधरी चरण सिंह ने हमेशा किसानों के अधिकार, सम्मान और आत्मनिर्भरता की बात की। किसान दिवस के अवसर पर उनके आदर्शों को व्यवहार में उतारना प्रशासन और समाज, दोनों की जिम्मेदारी है।

खाद की कालाबाजारी और अनियमितताओं पर कड़ा रुख अपनाते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जिन खाद दुकानों पर रेट लिस्ट नहीं लगी है, वहां तत्काल रेट लिस्ट लगाना अनिवार्य किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने जानकारी दी कि जांच के दौरान नियमों का पालन न करने पर जनपद की दो खाद दुकानों का लाइसेंस निरस्त किया जा चुका है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसानों के साथ किसी भी प्रकार का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री कुसुम योजना के अंतर्गत सब्सिडी का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। किसानों ने सोलर पंप एवं अन्य उपकरणों पर मिलने वाली सब्सिडी में देरी की शिकायत की। वहीं मशरूम उत्पादन से जुड़े छोटे किसानों ने प्लांट स्थापना के लिए अतिरिक्त सब्सिडी की मांग रखी। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पीएम कुसुम योजना सहित सभी कृषि योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक समयबद्ध, पारदर्शी और सुचारु रूप से पहुंचाया जाए।

नहरों की सफाई को लेकर किसानों ने बताया कि कई नहरों में समय पर सफाई न होने से टेल तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है, जिससे फसलों को नुकसान हो रहा है। इस पर डीएम ने कहा कि जहां नहरों में पानी का प्रवाह 8 क्यूसेक से कम होगा, वहां मनरेगा मजदूरों से सफाई कराई जाएगी और जहां इससे अधिक पानी होगा, वहां जेसीबी मशीन का प्रयोग किया जाएगा। उन्होंने सिंचाई विभाग को नहरों की स्थिति का शीघ्र आकलन कर कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

छुट्टा पशुओं से फसल नुकसान की समस्या भी किसान दिवस में जोर-शोर से उठी। डीएम ने कहा कि प्रशासन इस समस्या के समाधान के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने किसानों से पंचायत स्तर पर सहयोग करने और गौशालाओं के संचालन में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। जहां समस्या अधिक है, वहां विशेष निगरानी रखी जाएगी।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी, उप निदेशक कृषि धनंजय सिंह, जिला कृषि अधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर किसान मेला एवं किसान प्रदर्शनी का आयोजन भी किया गया, जिसमें आधुनिक कृषि तकनीकों, उपकरणों और योजनाओं की जानकारी दी गई। आत्मा योजना के अंतर्गत चयनित प्रगतिशील किसानों को प्रशस्ति पत्र एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के समापन पर किसानों को चौधरी चरण सिंह के आदर्शों पर चलकर आत्मनिर्भर कृषि की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया गया।