राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की सौ वर्षों की गौरवशाली यात्रा पर केंद्रित सम्मेलन, युवाओं में राष्ट्रभक्ति व सांस्कृतिक मूल्यों को जगाने का लिया संकल्प
अमिट रेखा /जितेंद्र तिवारी/ महराजगंज
महाराजगंज जनपद के ठूठीबारी नगर स्थित कोतवाली के समीप सरस्वती शिशु विद्यालय परिसर में रविवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की स्थापना के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में एक विराट हिंदू सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। सम्मेलन में संजय पाण्डेय की टीम द्वारा प्रस्तुत संगीतमय कार्यक्रमों ने लोगों में राष्ट्रहित, राष्ट्रनिर्माण और सांस्कृतिक चेतना का संचार किया।
इस हिंदू सम्मेलन में नगर व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ पड़ोसी देश नेपाल से आए संघ कार्यकर्ताओं, नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य लोगों की बड़ी भागीदारी रही। कार्यक्रम स्थल पर जनसैलाब उमड़ा रहा और चारों ओर राष्ट्रभक्ति व सांस्कृतिक उत्साह का वातावरण देखने को मिला।
सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य हिंदू समाज में सांस्कृतिक चेतना, राष्ट्रभक्ति, सेवा भाव, सामाजिक एकता एवं सनातन मूल्यों को सुदृढ़ करना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. रागिनी मिश्रा द्वारा भारत माता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। मंच की ओर से उनका माल्यार्पण कर स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
अपने प्रेरणादायी संबोधन में डॉ. मिश्रा ने आरएसएस की सौ वर्षों की गौरवशाली यात्रा, राष्ट्र निर्माण में संघ की भूमिका तथा सेवा और संगठन की परंपरा पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं से सनातन संस्कृति के संरक्षण, राष्ट्रहित में संगठित प्रयास तथा समाज सेवा के माध्यम से देश को सशक्त व समृद्ध बनाने का आह्वान किया। उनके ओजस्वी वक्तव्य से उपस्थित जनसमूह में नई ऊर्जा और राष्ट्रभक्ति का संचार हुआ।
सम्मेलन में जिला प्रचारक विनय, खंड कार्यवाह कृष्ण मोहन रौनियार, शाखा कार्यवाह गिरजेश, शारीरिक कार्यवाह नीरज वर्मा, योगेन्द्र अग्रवाल, दुर्गा प्रसाद गुप्त, संजय रौनियार, मंच संचालक ओंकार वर्मा, संतोष वर्मा, गुड्डू जयसवाल, राजाराम, महेश मद्धेशिया, नवरत्न निगम, शिवराम निगम, किशन मद्धेशिया, राजू मद्धेशिया, संगीता रौनियार, पन्नालाल वर्मा, नंद प्रसाद चौधरी, कृष्ण कुमार दुबे, हरिराम निगम, भवन निगम, जनार्दन प्रसाद, सज्जन निगम, लाली सिंह, अमरनाथ मद्धेशिया सहित अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता, महिलाएं एवं बच्चे उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में संघ के कार्यकर्ताओं ने तन-मन-धन से योगदान दिया, जिससे पूरे आयोजन में अनुशासन, सेवा और समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण देखने को मिला। सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत ठूठीबारी कोतवाली पुलिस द्वारा विशेष तैनाती की गई, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
सम्मेलन का समापन राष्ट्रगान एवं भारत माता की आरती के साथ हुआ। अंत में आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। उपस्थित जनसमूह ने हिंदू समाज की एकता, समाजहित में निरंतर कार्य और राष्ट्र सेवा के संकल्प को दोहराया।