राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत ग्राम पंचायत स्तर पर सड़क सुरक्षा समिति गठन एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न
अमिट रेखा /प्रदीप कुमार श्रीवास्तव /कुशीनगर
जनपद में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह जनवरी, 2026 के अवसर पर शासन के निर्देशों के क्रम में ग्राम पंचायत स्तर पर सड़क सुरक्षा समिति के गठन एवं बैठक के संबंध में विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में जनपद के समस्त विकास खण्डों के सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), ग्राम पंचायत अधिकारी, ग्राम प्रधान, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर तथा अन्य ग्राम पंचायत से संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सड़क सुरक्षा विषयक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी द्वारा आयोजित प्रशिक्षण में ग्राम पंचायत स्तर पर आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने पर विशेष बल दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान कैशलेस उपचार सुविधा, हिट एंड रन सोलैशियम योजना, राहगीर योजना, अनाधिकृत पार्किंग की रोकथाम, “नो हेल्मेट-नो फ्यूल” अभियान, वाहन चलाते समय हेल्मेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य प्रयोग, नशे की स्थिति में वाहन न चलाने, कोहरे की स्थिति में धीमी गति से वाहन चलाने तथा ट्रैक्टर-ट्रॉली एवं मालवाहक वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप के प्रयोग संबंधी जानकारी दी गई। साथ ही सड़क सुरक्षा संबंधी संदेशों के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश भी दिए गए।
जिला पंचायत राज अधिकारी द्वारा समस्त सहायक विकास अधिकारियों (पंचायत) को निर्देशित किया गया कि जनपद की प्रत्येक ग्राम पंचायत में ग्राम सड़क सुरक्षा समिति का गठन सुनिश्चित किया जाए तथा ग्राम प्रधान एवं ग्राम पंचायत सदस्यों के साथ समिति की बैठक आयोजित कराई जाए। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं सड़क सुरक्षा से संबंधित प्रशिक्षण ग्राम पंचायत समिति को प्रदान किया जाए। इसके अतिरिक्त ग्राम सड़क सुरक्षा समिति द्वारा सड़क सुरक्षा अग्रदूत घोषित किए जाने के भी निर्देश दिए गए।
ग्राम सड़क सुरक्षा समिति से संबंधित प्रशिक्षण एवं गोष्ठी में मो0 अजीम, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी; आलोक कुमार प्रियदर्शी, जिला पंचायत राज अधिकारी; मोहन सिंह, डी0पी0एम0; वैभव कुमार पाण्डेय, डी0पी0एम0; नीरज चतुर्वेदी, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत); अनिरुद्ध सिंह, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत); तैमुर अंसारी, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत); उषा कुमारी, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) सहित जनपद के ग्राम पंचायत अधिकारी, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर एवं अन्य संबंधित अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहे।