ब्रह्म भोज एवं श्रद्धांजलि सभा में पहुंच अध्यक्ष ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
अमिट रेखा/बघौचघाट/ देवरिया
पथरदेवा नगर पंचायत के वार्ड नंबर 13 सब्जी मंडी निवासी हरिओम सिंह काका पुत्र साहब सिंह की बीते दिनों सड़क हादसे में हुई दर्दनाक मृत्यु से क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है। दिवंगत आत्मा की शांति के लिए शुक्रवार को उनके आवास पर ब्रह्म भोज एवं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक शामिल हुए और नम आंखों से उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित की।हरिओम सिंह काका एक कर्मठ युवा समाजसेवी के रूप में जाने जाते थे। वे सामाजिक, धार्मिक एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेते थे और हर समय समाज सेवा के लिए तत्पर रहते थे। उनके असामयिक निधन से पूरे पथरदेवा नगर पंचायत एवं विकासखंड क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।श्रद्धांजलि सभा के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष पथरदेवा कमलेश सिंह उर्फ क्रांति सिंह,रामविजय सिंह, सभासद संजीव सिंह, अजय सिंह सहित सैकड़ों लोगों ने पुष्प अर्पित कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।