पूर्व सांसद ले. जनरल श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी को सीएम योगी ने दी श्रद्धांजलि, पैतृक गांव पहुंचकर परिजनों को बंधाया ढांढस
घनश्याम मणि, ब्यूरो चीफ गोरखपुर जोन (अमिट रेखा) : देवरिया। पूर्व उप थल सेनाध्यक्ष एवं देवरिया के पूर्व सांसद लेफ्टिनेंट जनरल श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी के निधन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके पैतृक गांव बरपार पहुंचकर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने दिवंगत नेता के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इसके बाद सांसद पुत्र शशांक मणि त्रिपाठी समेत शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार दोपहर करीब 12:35 बजे हेलीकॉप्टर से बरपार पहुंचे। श्रद्धांजलि अर्पित करने और परिजनों से मुलाकात के बाद वह दोपहर करीब एक बजे हेलीकॉप्टर से गोरखपुर के लिए रवाना हो गए।
मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए गांव में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती के साथ प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई थी। इस दौरान बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और हजारों की तादाद में पहुंचे लोगों ने भी दिवंगत पूर्व सांसद को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
सैन्य सेवा से लेकर राजनीतिक जीवन तक अपनी विशिष्ट पहचान बनाने वाले लेफ्टिनेंट जनरल श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी के निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है। उनका अंतिम संस्कार सोमवार को बरहज स्थित सरयू नदी के तट पर किया जाएगा।