22 हजार रुपये किलो! दीपावली पर राधे स्वीट्स की ‘काजू गोल्डन कलश’ बनी आकर्षण का केंद्र, हाथों-हाथ बिकी मिठाई
अखिलेश राय, कार्यकारी सम्पादक (अमिट रेखा) : फर्रुखाबाद, उत्तर प्रदेश। दीपावली के पावन पर्व पर मिठाइयों की खुशबू से बाजार गुलजार रहे। फर्रुखाबाद से लेकर कायमगंज तक सुबह से देर रात तक मिष्ठान भंडारों पर ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ी। इस दौरान मिठाइयों की खरीदारी को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। लेकिन इस बार कायमगंज स्थित राधे स्वीट्स की एक खास मिठाई ने बाजार में खूब सुर्खियां बटोरीं। प्रतिष्ठान की काजू गोल्डन कलश मिठाई 22 हजार रुपये प्रति किलो की कीमत पर बिकी और ग्राहकों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी रही।
कायमगंज में कासगंज वाले रोशन लाल एवं मनोज कुमार के प्रतिष्ठान राधे स्वीट्स पर दीपावली के अवसर पर खरीदारों का तांता लगा रहा। खास काजू गोल्डन कलश के साथ 700 रुपये किलो वाली मिठाइयों की भी जमकर बिक्री हुई। ग्राहकों की भीड़ के चलते दुकान पर लंबी कतारें देखने को मिलीं। वहीं ड्राई फ्रूट्स से तैयार मिठाइयों, काजू बर्फी और आकर्षक गिफ्ट पैक्स की भी खरीदारी जमकर हुई।
प्रतिष्ठान के संचालक रोशन लाल एवं मनोज कुमार ने बताया कि इस वर्ष दीपावली पर काजू-बादाम कतली ग्राहकों की पहली पसंद बनी रही। इसके अलावा शुद्ध देसी घी से तैयार विभिन्न प्रकार की मिठाइयों की भी लोगों ने खूब खरीदारी की।
महंगाई के बीच भी त्योहार की मिठास बरकरार रही और ग्राहकों ने अपने परिवार, रिश्तेदारों एवं शुभचिंतकों के लिए पसंदीदा मिठाइयां और उपहार खरीदे। वहीं 22 हजार रुपये किलो की काजू गोल्डन कलश मिठाई ने इस दीपावली कायमगंज के मिठाई बाजार में खास पहचान बनाई।