खोराबार पुलिस ने वांछित अभियुक्त को किया गिरफ्तार
खोराबार पुलिस ने वांछित अभियुक्त को किया गिरफ्तार
सरकारी नौकरी और रेलवे ठेका दिलाने का झांसा, 29 लाख की बड़ी ठगी का खुलासा
अमिट रेखा/ संतराज यादव /सहजनवा/ गोरखपुर
थाना खोराबार क्षेत्र में सरकारी नौकरी एवं रेलवे में ठेका दिलाने के नाम पर 29 लाख रुपये की बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने वांछित अभियुक्त संजीव कुमार पुत्र विजेन्द्र कुमार, निवासी ग्राम चेरिया थाना बेलीपार जनपद गोरखपुर को गिरफ्तार कर लिया है। अभियुक्त के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत है और अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अभियुक्त ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर वादी मुकदमा को सरकारी नौकरी दिलाने एवं रेलवे में ठेका दिलवाने का प्रलोभन दिया। इस झांसे में आकर पीड़ित ने किस्तों में कुल 29 लाख रुपये अभियुक्त को दे दिए। काफी समय बीत जाने के बाद भी न तो नौकरी मिली और न ही रेलवे का कोई ठेका, जिसके बाद पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ।
पीड़ित द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर थाना खोराबार में मुकदमा संख्या 25/2026 दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान पुलिस को अभियुक्त की संलिप्तता के ठोस साक्ष्य मिले, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार इस प्रकरण में अन्य सहयोगियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और उनके विरुद्ध भी कार्रवाई की संभावना है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध पूर्व में भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिससे उसका आपराधिक इतिहास सामने आया है। पुलिस का कहना है कि इस गिरफ्तारी से नौकरी और ठेका दिलाने के नाम पर चल रहे ठगी के नेटवर्क पर प्रभावी अंकुश लगेगा।
फिलहाल पुलिस द्वारा मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है तथा ठगी की धनराशि की बरामदगी को लेकर भी प्रयास किए जा रहे हैं।