कोआपरेटिव इंटर कॉलेज  को मिला नया नेतृत्व, डॉ. अभिषेक  प्रधानाचार्य पद संभाला

Dec 17, 2025 - 11:33
 0
कोआपरेटिव इंटर कॉलेज  को मिला नया नेतृत्व, डॉ. अभिषेक  प्रधानाचार्य पद संभाला

कोआपरेटिव इंटर कॉलेज  को मिला नया नेतृत्व, डॉ. अभिषेक  प्रधानाचार्य पद संभाला

अमिट रेखा/ राजधारी प्रसाद 

गोरखपुर।लोक सेवा आयोग से चयनित डॉ. अभिषेक कुमार सिंह ने पिपराइच स्थित जनपद की सबसे पुरानी व प्रतिष्ठित शिक्षण संस्था कोआपरेटिव इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य पद का कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर प्रभारी प्रधानाचार्य उमेश चन्द्र वर्मा ने विधिवत चार्ज नवागत प्रधानाचार्य को सौंपा।

कार्यभार ग्रहण करने के पश्चात डॉ. अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि इससे पूर्व लोक सेवा आयोग द्वारा उनकी नियुक्ति प्रधानाचार्य पद पर श्री गांधी किसान इंटर कॉलेज, खड्डा (कुशीनगर) में हुई थी। कतिपय प्रशासनिक कारणों से उनका एकल स्थानांतरण कोआपरेटिव इंटर कॉलेज, पिपराइच में किया गया है। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक शिक्षण संस्थान से जुड़ना उनके लिए गौरव की बात है और वे पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।

नवागत प्रधानाचार्य ने पदभार संभालते ही विद्यालय के सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों के साथ एक परिचयात्मक बैठक की। बैठक में उन्होंने यह स्पष्ट किया कि गुणवत्तापूर्ण पठन-पाठन, अनुशासन, नैतिक मूल्यों का विकास तथा विद्यालय की शैक्षिक और सह-शैक्षिक गतिविधियों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने विद्यालय के सर्वांगीण विकास के लिए सभी शिक्षकों, कर्मचारियों एवं प्रबंधन से पूर्ण सहयोग की अपेक्षा जताई।

इस अवसर पर विद्यालय परिवार में उत्साह का माहौल देखने को मिला। प्रधानाचार्य के मनोनयन एवं कार्यभार ग्रहण पर विद्यालय के प्रबंधक दीपेन्द्र बहादुर सिंह, उपाचार्य उमेश चन्द्र वर्मा सहित सभी शिक्षकों, कर्मचारियों एवं स्टाफ सदस्यों ने फूल-मालाओं से उनका भव्य एवं गर्मजोशी से स्वागत किया। उपस्थित जनों ने विश्वास जताया कि डॉ. अभिषेक कुमार सिंह के नेतृत्व में कोआपरेटिव इंटर कॉलेज शैक्षिक प्रगति के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा। कार्यक्रम का समापन सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ, जिसमें सभी ने मिलकर विद्यालय को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।