रजत और वैदेही को राज्यपाल ने किया सम्मानित
रजत और वैदेही को राज्यपाल ने किया सम्मानित
अमिट रेखा/ जितेन्द्र कुमार
गोरखपुर। श्री गोरक्षपीठ द्वारा संचालित महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद के अंतर्गत आयोजित ‘संस्थापक-सप्ताह समारोह 2025’ का मुख्य महोत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह रविवार को दिग्विजयनाथ एलटी प्रशिक्षण महाविद्यालय में भव्य रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन गोरक्षपीठाधीश्वर, महंत एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सान्निध्य में हुआ, जहां हजारों विद्यार्थी, शिक्षक और अभिभावक मौजूद रहे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (से.नि.) गुरमीत सिंह शरीक हुए, जिन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाओं को सम्मानित किया।
समारोह में सरस्वती शिशु मंदिर पक्कीबाग, गोरखपुर के दो विद्यार्थियों ने विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया। कक्षा 9 के छात्र श रजत द्विवेदी को अंग्रेजी भाषण प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया, जबकि कक्षा 6 की छात्रा
वैदेही मिश्रा को हिंदी सुलेख प्रतियोगिता में उत्कृष्ट रैंक प्राप्त करने पर सम्मान प्राप्त हुआ। दोनों प्रतिभाओं को मुख्य अतिथि के हाथों सम्मानित किए जाने पर विद्यालय परिवार में उत्साह और गर्व की लहर दौड़ गई।
विद्यालय की ओर से आचार्य विशाल श्रीवास्तव एवं आचार्या दिव्या त्रिपाठी को भी संरक्षक के रूप में बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। बाद में विद्यालय पहुंचने पर प्रधानाचार्य डॉ. राजेश सिंह ने रजत और वैदेही का पुष्पगुच्छ और प्रमाणपत्र देकर विशेष सम्मान किया। उन्होंने कहा कि इन दोनों विद्यार्थियों ने न केवल विद्यालय का नाम रोशन किया है, बल्कि अन्य छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत भी बने हैं।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार के सभी शिक्षक, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं, जिनकी सभी ने सराहना की। समारोह के अंत में महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद की ओर से भविष्य में ऐसी प्रतिभाओं को उभारने और प्रोत्साहित करने की दिशा में लगातार कार्य करते रहने का संकल्प लिया गया।
संस्थापक सप्ताह का यह भव्य आयोजन प्रतिभा, अनुशासन और शिक्षण परंपरा का अनूठा संगम रहा, जिसने गोरखपुर की शिक्षा जगत में एक नई ऊर्जा का संचार किया।