1-जनपद कुशीनगर में 25 जनवरी को 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस उत्साहपूर्वक मनाया जाएगा
अमिट रेखा /प्रदीप कुमार श्रीवास्तव/ कुशीनगर
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में जनपद में दिनांक 25 जनवरी, 2026 को 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस पूरे उत्साह एवं व्यापक सहभागिता के साथ मनाया जाएगा। इस वर्ष राष्ट्रीय मतदाता दिवस की थीम “My India, My Vote” तथा टैगलाइन “Citizen at the Heart of Indian Democracy” निर्धारित की गई है।
जिला निर्वाचन अधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि इस अवसर पर जनपद के समस्त मतदान केन्द्रों, वीआरसी, तहसील स्तर, जिला मुख्यालय, शैक्षणिक संस्थानों एवं चुनाव पाठशालाओं पर मतदाता शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किए जाएंगे। पूर्वान्ह 11:00 बजे बीएलओ द्वारा मतदान केन्द्रों पर, निर्वाचक/सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा वीआरसी पर तथा जिला मुख्यालय पर जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा शपथ दिलाई जाएगी।
राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजन, ट्रांसजेंडर मतदाताओं एवं नवपंजीकृत मतदाताओं को सम्मानित किया जाएगा तथा नए मतदाताओं को फोटो पहचान पत्र प्रदान किए जाएंगे। साथ ही युवाओं, महिलाओं, दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिकों एवं विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (PVTG) की सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु स्कूलों, कॉलेजों एवं महाविद्यालयों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मतदाता जागरूकता को सशक्त बनाने के उद्देश्य से प्रभात फेरी, स्लोगन लेखन, निबंध प्रतियोगिता, गीत, स्किट, ऑनलाइन गतिविधियां एवं अन्य रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विजेता प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त, पोस्टल बैलेट सुविधा, ईवीएम/वीवीपैट, मतदान केन्द्रों पर न्यूनतम सुविधाएं (AMP), वोटर हेल्पलाइन ऐप, नैतिक मतदान एवं मतदाता पंजीकरण/समावेशन से संबंधित जागरूकता फिल्में भी प्रदर्शित की जाएंगी। मतदाता जागरूकता से संबंधित समाचार पत्रों की पेपर कटिंग की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस की थीम एवं मतदाता शपथ को जनपद की वेबसाइट एवं सोशल मीडिया हैंडल्स पर #NVD2026 हैशटैग के साथ व्यापक रूप से प्रचारित किया जाएगा। मीडिया, सिविल सोसाइटी, एनएसएस, एनसीसी, नेहरू युवा केन्द्र, भारत स्काउट एवं गाइड तथा अन्य स्वयंसेवी संगठनों का सक्रिय सहयोग लिया जाएगा।
कार्यक्रमों की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी अनिवार्य रूप से कराते हुए आयोग द्वारा निर्धारित ई-मेल पर अपलोड किया जाएगा तथा उसकी हार्डकॉपी कार्यालय को उपलब्ध कराई जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे लोकतंत्र को मजबूत करने हेतु राष्ट्रीय मतदाता दिवस के कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता करें तथा अपने मताधिकार का निर्भीक, निष्पक्ष एवं जागरूक होकर प्रयोग करें।
2-मतदाता शपथ
“हम, भारत के नागरिक, लोकतंत्र में अपनी पूर्ण आस्था रखते हुए यह शपथ लेते हैं कि हम अपने देश की लोकतांत्रिक परम्पराओं की मर्यादा को बनाए रखेंगे तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए, निर्भीक होकर, धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।”