खुरपका-मुँहपका रोग नियंत्रण हेतु 22 जनवरी से सघन टीकाकरण अभियान
अमिट रेखा /प्रदीप कुमार श्रीवास्तव /कुशीनगर
राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम (एनएडीसीपी) के अंतर्गत खुरपका-मुँहपका (एफएमडी) रोग के नियंत्रण एवं पूर्ण उन्मूलन के उद्देश्य से जनपद कुशीनगर में 22 जनवरी 2026 से सघन पशु टीकाकरण अभियान प्रारंभ किया जाएगा। यह अभियान 22 जनवरी से 10 मार्च 2026 तक कुल 45 दिनों तक संचालित होगा।
मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डॉ. अश्विनी कुमार सिंह ने बताया कि अभियान के लिए जनपद को 1 लाख 63 हजार वैक्सीन डोज प्राप्त हो चुकी हैं, जिन्हें कोल्डरूम में निर्धारित तापमान पर सुरक्षित रखा गया है। सभी विकास खंडों को लक्ष्यानुसार वैक्सीन की आपूर्ति की जा रही है, जिन्हें आइसलाइनर एवं फ्रीज में सुरक्षित रखा गया है।
अभियान के सफल संचालन हेतु प्रत्येक विकास खंड में टीकाकरण टीमें गठित की गई हैं, जिनमें एक पशुचिकित्साधिकारी, एक पशुधन प्रसार अधिकारी, एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी एवं स्थानीय पैरावेट/मैत्री शामिल हैं। जनपद स्तर पर अभियान के नोडल अधिकारी डॉ. विद्याराम वर्मा, उप मुख्य पशुचिकित्साधिकारी, सदर पडरौना को नामित किया गया है। इसके लिए पशुचिकित्सालय सदर पडरौना में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है।
टीमें पशुपालकों के घर-घर जाकर पशुओं का पंजीकरण करते हुए निःशुल्क टीकाकरण करेंगी तथा टीकाकरण की जानकारी मौके पर ही भारत पशुधन ऐप पर अपलोड की जाएगी। प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट विकास खंडों से जनपद स्तर पर संकलित कर निदेशालय पशुपालन विभाग, लखनऊ को भेजी जाएगी।
डॉ. सिंह ने बताया कि 21वीं पशुगणना के अनुसार जनपद में कुल 1,82,738 गोवंशीय एवं महिषवंशीय पशु हैं, जिनका टीकाकरण किया जाना है। पशुपालकों को जागरूक करने हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है तथा सचल वाहनों के माध्यम से टीकाकरण से पूर्व सूचना दी जा रही है।
मुख्य पशुचिकित्साधिकारी ने जनपद के समस्त पशुपालकों से अपील की है कि वे अपने पशुओं को खुरपका-मुँहपका रोग से सुरक्षित रखने हेतु अभियान के दौरान शत-प्रतिशत एफएमडी टीकाकरण अवश्य कराएं।