शादी का अरमान रहा अधूरा, न्यायालय से भागा दो अन्तरजातीय प्रेमी जोड़ा
शादी का अरमान रहा अधूरा, न्यायालय से भागा प्रेमी जोड़ा
कसया (उत्तर प्रदेश): कसया दीवानी न्यायालय परिसर में उस समय भारी हंगामा और हलचल मच गई, जब दो अलग-अलग समुदायों के जोड़े कोर्ट मैरिज करने पहुंचे। मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 2 बजे दो मुस्लिम युवक दो हिंदू युवतियों के साथ विवाह की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के लिए कचहरी परिसर में स्टाम्प खरीद रहे थे।
वकीलों और संगठनों ने किया विरोध
जोड़ों के कोर्ट में होने की भनक जैसे ही स्थानीय अधिवक्ताओं को लगी, विरोध शुरू हो गया। बार संघ के महामंत्री अधिवक्ता अंबरीष चौबे समेत कुछ अन्य वकील तुरंत स्टाम्प विक्रेता के पास पहुंचे और इस शादी का विरोध जताया। उनका आरोप था कि चोरी-छिपे शादी की प्रक्रिया पूरी करने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे वे सफल नहीं होने देंगे। इसी बीच मामले की जानकारी मिलते ही संघ और बजरंग दल से जुड़े लोग भी वहां सक्रिय हो गए और विरोध प्रदर्शन करने लगे।
बिना शादी किए फरार हुए जोड़े
कचहरी परिसर में अचानक बढ़े विरोध और हंगामे को देखकर, अपने परिजनों के साथ आए दोनों जोड़े घबरा गए। वे विवाह की औपचारिकताएं और प्रक्रिया पूरी किए बिना ही न्यायालय परिसर से फरार हो गए। इस कारण उनकी शादी का अरमान अधूरा रह गया।
पुलिस कर रही है निगरानी
मामले की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष इत्मानंद पांडेय ने बताया कि न्यायालय परिसर में हंगामे की खबर मिलने पर पुलिस टीम भेजी गई थी, लेकिन वहां कोई नहीं मिला। फिलहाल पुलिस पूरे मामले पर नजर रख रही है।