यूनाइटेड क्लब सिवान ने आसनसोल रेलवे को 3–0 से हराकर फाइनल में बनाई जगह
यूनाइटेड क्लब सिवान ने आसनसोल रेलवे को 3–0 से हराकर फाइनल में बनाई जगह
कल दिन रविवार को होगा फाइनल मुकाबला
अमिट रेखा/नन्हे तिवारी/ बघौचघाट/देवरिया
आचार्य नरेंद्र देव इंटर कॉलेज पथरदेवा के खेल परिसर में आयोजित स्वर्गीय जवाहर प्रसाद मद्धेशिया स्मारक फुटबॉल महाकुंभ प्रतियोगिता के आठवें दिन शनिवार को दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला खेला गया। यह रोमांचक मुकाबला यूनाइटेड क्लब सिवान और आसनसोल रेलवे के बीच हुआ, जिसमें सिवान की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए आसनसोल रेलवे को 3–0 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया।
मैच का शुभारंभ मुख्य अतिथि बी के ऑटो मोबाइल्स प्रो. डॉ. कमरे आलम एवं युवजन सभा समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव प्रियांशु राज यादव ने फीता काटकर किया। इसके बाद अतिथियों ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। खेल शुरू होते ही सिवान की टीम ने आक्रामक रणनीति अपनाई और मैच पर अपना दबदबा बनाए रखा।मैच के पहले हाफ में सिवान के 15 नंबर जर्सीधारी खिलाड़ी तुमा ने पेनाल्टी शूट के माध्यम से पहला गोल दागकर अपनी टीम को बढ़त दिलाई। मध्यांतर के बाद भी सिवान के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी रहा। दूसरे हाफ में 18 नंबर जर्सी में खेल रहे राशिद ने एक बेहतरीन गोल कर बढ़त को दोगुना किया। इसके बाद 19 नंबर जर्सीधारी फ्रैंक ने एक और गोल दागकर टीम की जीत सुनिश्चित कर दी।आसनसोल रेलवे की टीम ने पूरे मैच में वापसी की कोशिश की, लेकिन सिवान की मजबूत रक्षा पंक्ति के सामने उनका खाता तक नहीं खुल सका। इस प्रकार यूनाइटेड क्लब सिवान ने तीन गोल से शानदार जीत दर्ज करते हुए फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।मैच में निर्णायक की भूमिका महिपाल थापा, शिवम कन्याल एवं अमित वैद्य ने निभाई, जबकि सफल कमेंट्री अंगद नाथ तिवारी एवं मान सिंह ने की। आयोजन समिति के अजय मद्धेशिया ने अतिथियों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर प्रमोद मद्धेशिया, असरार अहमद प्रो. गुरुकुल हीरो मोटर्स तरकुलवा,इरशाद अहमद, मोहम्मद फतेह, विजय मद्धेशिया सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला कल दिन रविवार को चेन्नई बनाम सिवान के बीच खेला जाएगा।