मारवाड़ी सेवा समिति का  वैवाहिक परिचय सम्मेलन भव्यता के साथ संपन्न

Jan 5, 2026 - 21:34
 0
मारवाड़ी सेवा समिति का  वैवाहिक परिचय सम्मेलन भव्यता के साथ संपन्न

मारवाड़ी सेवा समिति का  वैवाहिक परिचय सम्मेलन भव्यता के साथ संपन्न

समाज को जोड़ने और सादगीपूर्ण विवाह की दिशा में सार्थक पहल

अमिट रेखा/ जितेन्द्र कुमार 

गोरखपुर। मारवाड़ी सेवा समिति, गोरखपुर के तत्वावधान में विगत 21 वर्षों से अनवरत आयोजित हो रहे वैवाहिक परिचय सम्मेलन के 22वें संस्करण का आयोजन रविवार को स्थानीय गोकुल अतिथि भवन, सिविल लाइंस स्थित सभागार में भव्य एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्यसभा सांसद डा० राधामोहन दास अग्रवाल ने की। मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिष्ठित उद्योगपति एवं समाजसेवी ओमप्रकाश जालान तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में शकुंतला कमानी उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन, माता महालक्ष्मी, माता सरस्वती एवं महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पूजन के साथ हुआ। मारवाड़ी महिला सेवा समिति की सदस्यों द्वारा गणेश वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम को शुभारंभ दिया गया। समिति अध्यक्ष चंद्रशेखर सराफ ने अतिथियों का स्वागत करते हुए सम्मेलन की सामाजिक उपयोगिता पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम संयोजक सुनील कुमार भालोटिया एवं अलका अग्रवाल ने आयोजन की रूपरेखा प्रस्तुत की, वहीं कार्यक्रम समन्वयक शिव कुमार छापड़िया ने सम्मेलन की अब तक की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए वर्तमान समय में इसकी आवश्यकता को रेखांकित किया। सेवा समिति के सचिव दीपक कुमार गोयल ने सत्र 2024-26 के अंतर्गत समिति द्वारा किए गए विभिन्न सामाजिक कार्यों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में समिति के कार्यों में सहयोग करने वाले क्षेत्रीय संयोजकों का मुख्य अतिथि द्वारा सम्मान किया गया। स्मारिका संपादक एवं निवर्तमान अध्यक्ष आशीष रूँगटा ने स्मारिका की विषयवस्तु पर प्रकाश डालते हुए प्रायोजकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा मंचासीन अतिथियों के करकमलों से स्मारिका का विमोचन कराया।
मारवाड़ी महिला सेवा समिति की अध्यक्ष श्रीमती सुमन छापड़िया ने सत्र के दौरान किए गए कार्यों एवं आगामी योजनाओं की जानकारी दी। विशिष्ट अतिथि शकुंतला कमानी ने समिति के प्रयासों की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए कहा कि स्मारिका समाज के अभिभावकों को अपनी संतान के लिए सुयोग्य जीवनसाथी चयन में विशेष सहयोग प्रदान करेगी।
मुख्य अतिथि ओमप्रकाश जालान ने आयोजन समिति के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए भविष्य में सम्मेलन को और अधिक उद्देश्यपूर्ण बनाने की अपेक्षा जताई। कार्यक्रम अध्यक्ष सांसद डा० राधामोहन दास अग्रवाल ने अपने उद्बोधन में सम्मेलन से जुड़ी स्मृतियां साझा करते हुए इसके सतत विकास पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने विवाह आयोजनों में अपव्यय पर नियंत्रण तथा सामूहिक विवाह को इस परिचय सम्मेलन की अगली कड़ी के रूप में जोड़ने का सुझाव दिया।
कार्यक्रम का कुशल संचालन नीलम श्याम अग्रवाल ने किया। अंत में मुख्य समन्वयक ज्योति गोयल ने आगंतुकों, अतिथियों, प्रायोजकों, पत्रकारों एवं समाज के गणमान्य बंधुओं के प्रति आभार व्यक्त किया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में अविवाहित युवक-युवतियों ने सहभागिता कर एक-दूसरे से परिचय प्राप्त किया, जिससे निकट भविष्य में इसके सार्थक परिणाम सामने आने की संभावना जताई गई।
इस अवसर पर समाज के अनेक वरिष्ठ एवं गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। उक्त जानकारी जनसंपर्क सचिव एवं सहसंयोजक आनंद जालान ने दी।