मां सरस्वती की प्रतिमाओं का हुआ खनुआ नदी में विसर्जन
मां सरस्वती की प्रतिमाओं का हुआ खनुआ नदी में विसर्जन
अमिट रेखा/बघौचघाट/देवरिया
पथरदेवा क्षेत्र में सरस्वती पूजा पर्व को लेकर दो दिनों तक धार्मिक और सांस्कृतिक उत्साह देखने को मिला। क्षेत्र के विभिन्न गांवों में बने भव्य पंडालों में मां सरस्वती की प्रतिमाएं स्थापित की गईं।जहां भजन-कीर्तन, जागरण एवं आकर्षक झांकियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों में युवाओं के साथ-साथ मूर्ति आयोजक समितियों के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। भक्ति गीतों की गूंज से पूरा इलाका भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा।
पूजा एवं सांस्कृतिक आयोजनों के दौरान समाजसेवी एवं जिला पंचायत सदस्य सुजीत प्रताप सिंह, पूर्व जिला पंचायत सदस्य राणा प्रताप सिंह, समाजसेवी व जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी विनोद सिंह कुशवाहा ने क्षेत्र के कई गांवों में पहुंचकर जागरण व झांकियों का शुभारंभ कराया और मां सरस्वती की पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं दीं।इसी क्रम में सोमवार को क्षेत्र के सभी गांवों में स्थापित मां सरस्वती की प्रतिमाओं का विसर्जन खनुआ नदी के घाटों पर शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। विसर्जन के दौरान ट्राली-ट्रैक्टर पर सजी प्रतिमाओं के साथ डीजे की धुन पर युवाओं ने अबीर-गुलाल उड़ाते हुए उत्साहपूर्वक भाग लिया। पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन दिन-रात क्षेत्र में मुस्तैद रहा, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ।