वित्तीय वर्ष 2025-26 में मुख्यमंत्री नगरीय अल्प विकसित एवं मलिन बस्ती विकास योजना अंतर्गत की आवश्यक बैठक सम्पन्न
अमिट रेखा/ प्रदीप कुमार श्रीवास्तव /कुशीनगर
जनपद कुशीनगर में वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत मुख्यमंत्री नगरीय अल्पविकसित एवं मलीन बस्ती विकास योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में शासी निकाय की बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान योजना के अंतर्गत प्रस्तावित एवं स्वीकृत कार्यों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने शासन को डीपीआर प्रेषित किए जाने, नगर निकायों से एनओसी प्राप्त किए जाने सहित अन्य बिंदुओं पर जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
स्वीकृत कार्यों की समीक्षा के उपरांत जिलाधिकारी द्वारा शासी निकाय से प्राप्त प्रस्तावों को डूडा के माध्यम से क्रियान्वित कराए जाने हेतु अनुमोदन प्रदान किया गया। साथ ही शेष प्रस्तावित कार्यों को नगर निकायों से प्राप्त एनओसी के क्रम में डीपीआर एवं आगणन प्रेषित करने तथा अग्रेत्तर कार्यवाही हेतु डूडा को अनुमति दी गई।
बैठक के दौरान नगर पंचायतों/नगर पालिकाओं से एनओसी प्राप्त न होने पर संबंधित अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे कल सायंकाल तक एनओसी उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री/प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत विभिन्न नगर पंचायतों में धन वसूली से संबंधित प्रकरण संज्ञान में आने पर जिलाधिकारी ने सभी अधिशासी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रकरणों की जांच कर प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने दलालों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कराते हुए कठोर कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने आमजन से अपील की कि यदि आवास योजना के नाम पर किसी भी व्यक्ति द्वारा धन की मांग की जाती है तो इसकी सूचना संबंधित विभाग को अवश्य दें, ताकि दोषियों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही की जा सके।
उन्होंने निर्देशित किया कि योजना के अंतर्गत चिन्हित अल्पविकसित एवं मलीन बस्तियों में सड़क, नाली, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य मूलभूत नागरिक सुविधाओं का विकास प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए।
साथ ही संबंधित विभागों एवं नगर निकायों के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि स्वीकृत कार्यों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराया जाए तथा कार्यों में पारदर्शिता एवं जनहित का विशेष ध्यान रखा जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वैभव मिश्रा, उप जिलाधिकारी आशुतोष कुमार, मु. जफर सहित समस्त नगर पालिका/नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।