बैंक के खजाने पर हाथ साफ कर फरार हुआ मैनेजर, अब पुलिस ने बिहार में बजाया कुर्की का बिगुल!

Nov 12, 2026 - 18:46
 0
बैंक के खजाने पर हाथ साफ कर फरार हुआ मैनेजर, अब पुलिस ने बिहार में बजाया कुर्की का बिगुल!

बिहार के बक्सर पहुंची देवरिया पुलिस, स्थानीय पुलिस के सहयोग से श्रीरामपुर पुलिस ने की न्यायालय के आदेश की तामील 

अमिट रेखा /घनश्याम मणि त्रिपाठी/ देवरिया। बड़ौदा यूपी बैंक से 1.73 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि के कथित गबन के मामले में फरार चल रहे पूर्व शाखा प्रबंधक के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। न्यायालय से जारी धारा 83 सीआरपीसी के तहत कुर्की आदेश की तामील कराने के लिए देवरिया की श्रीरामपुर पुलिस बिहार के बक्सर जिले पहुंची। वहां स्थानीय पुलिस के सहयोग से वांछित अभियुक्त के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, आरोपी रोहित कुमार सिंह पुत्र अर्जुन कुमार सिंह उर्फ हरेराम सिंह, निवासी ग्राम उमेदपुर, थाना ब्रह्मपुर, जनपद बक्सर (बिहार), देवरिया जिले के श्रीरामपुर थाना क्षेत्र स्थित बड़ौदा यूपी बैंक की भवानीछापर शाखा में तत्कालीन शाखा प्रबंधक के पद पर तैनात था। उस पर बैंक की 1 करोड़ 73 लाख 50 हजार रुपये की धनराशि के गबन का आरोप है।

इस मामले में 18 जून 2024 को थाना श्रीरामपुर में मुकदमा संख्या 146/2024 के तहत धारा 409 भादवि में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले में वांछित अभियुक्त के न्यायालय में उपस्थित नहीं होने पर अदालत ने धारा 83 सीआरपीसी के अंतर्गत कुर्की आदेश जारी किया था।

पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार के नेतृत्व में श्रीरामपुर पुलिस की टीम बिहार के बक्सर जिले के ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र पहुंची। स्थानीय पुलिस के सहयोग से न्यायालय के आदेश का विधिक तरीके से अनुपालन कराया गया।

कार्रवाई में ये रहे शामिल: प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार, हेड कांस्टेबल कृपाल सिंह परिहार, वर्मा प्रजापति, कांस्टेबल विपिन कुमार यादव और सोनू सहित थाना ब्रह्मपुर की पुलिस टीम ने सहयोग किया।

पुलिस की इस कार्रवाई को करोड़ों रुपये के कथित बैंक गबन मामले में फरार आरोपी पर कानूनी शिकंजा कसने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Akhilesh Rai कार्यकारी संपादक अमिट रेखा हिंदी दैनिक समाचार पत्र