पथरदेवा में स्व. जवाहर प्रसाद मद्धेशिया स्मारक फुटबॉल महाकुंभ का शुभारंभ

Dec 28, 2025 - 06:13
 0
पथरदेवा में स्व. जवाहर प्रसाद मद्धेशिया स्मारक फुटबॉल महाकुंभ का शुभारंभ

पथरदेवा में स्व. जवाहर प्रसाद मद्धेशिया स्मारक फुटबॉल महाकुंभ का शुभारंभ

सिवान ने कुशीनगर को 3/0 से हराया

अमिट रेखा/बघौचघाट/देवरिया

आदर्श नगर पंचायत पथरदेवा में स्वर्गीय जवाहर प्रसाद मद्धेशिया स्मारक फुटबॉल महाकुंभ के 25वें वर्ष की प्रतियोगिता का शुभारंभ शनिवार को हुआ। यह प्रतिष्ठित फुटबॉल प्रतियोगिता खेलगांव स्थित आचार्य नरेंद्र देव इंटर कॉलेज के खेल मैदान में आयोजित की जा रही है। उद्घाटन मुकाबला कुशीनगर बनाम सिवान (बिहार) के बीच खेला गया।जिसमें सिवान की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुशीनगर को 3-0 से पराजित किया।पहले दिन के मैच के मुख्य अतिथि नायक बाबा (टीवीएस एजेंसी, पथरदेवा) रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में चंद्रशेखर राव एवं डॉ. रमेश शर्मा उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि ने फीता काटकर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया तथा खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया।90 मिनट के इस रोमांचक मुकाबले में सिवान बिहार की टीम शुरू से ही हावी रही। पहले हाफ में सिवान के 8 नंबर जर्सीधारी खिलाड़ी ने शानदार गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। दूसरे हाफ में 14 नंबर जर्सी के खिलाड़ी ने एक और गोल दागकर बढ़त को मजबूत किया। मैच के अंतिम क्षणों में 12 नंबर जर्सी के खिलाड़ी ने तीसरा गोल कर जीत पक्की कर दी। कुशीनगर की टीम पूरे मैच संघर्ष करती रही, लेकिन खाता खोलने में असफल रही।मैच के निर्णायक महिपाल थापा, शिवम कन्याल व अमित वैद्य रहे, जबकि सफल कमेंट्री अंगद नाथ तिवारी ने की। आयोजक अजय मद्धेशिया ने खिलाड़ियों, अतिथियों एवं दर्शकों के प्रति आभार प्रकट किया। इस अवसर पर संरक्षक प्रमोद मद्धेशिया,मुन्नू बाबू, इरशाद अहमद, सोनू वर्मा, मोहम्मद फतेह, इसरार अहमद, भोलू शर्मा, विजय मद्धेशिया, राकेश मद्धेशिया, मनोज, पिंटू मद्धेशिया, आलोक मद्धेशिया सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के तहत रविवार को मणिपुर बनाम कुशीनगर के बीच मुकाबला खेला जाएगा।