जिला कारागार देवरिया का जिला जज एवं डीएम ने संयुक्त रूप से किया निरीक्षण
अमिट रेखा/ प्रदीप कुमार श्रीवास्तव/ कुशीनगर
जनपद न्यायाधीश कुशीनगर संजीव कुमार त्यागी, सीजीएम विजय वर्मा, जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर, पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के द्वारा देवरिया जेल का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया गया।
जेल परिसर में जाकर सभी उच्चाधिकारियों ने जनपद कुशीनगर के कैदियों से मुलाकात की उनकी समस्याएं सुनी, उनकी स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। इस क्रम में कैदियों के लिए खान पान की उचित व्यवस्था एवं उसकी गुणवत्ता का भी निरीक्षण उच्चाधिकारियों द्वारा किया गया। जिला जज महोदय द्वारा कैदियों से वार्ता की गयी और पूछा गया कि कोई दिक्कत तो नहीं है, स्वास्थ्य सुविधाएं , जमानत की स्थिति, वकील आदि के बारे में जायजा लिया।
सभी उच्चाधिकारियों ने देवरिया जेल में कुशीनगर के कैदियों से मुलाकात कर उनके मामले के विधिक पहलुओं व समस्याओं के बारे में पूछताछ की ,उनके जमानत के संदर्भ में जानकारी ली तथा उनका समाधान भी बताया। उन्होंने कुछ कैदियों के आवेदन भी स्वीकार किये तथा जेलर के माध्यम से भी दरखास्त भिजवाने की बात की गयी। जिन कैदियों को अपने मामले में वकील की जरूरत थी, उन्हें आवेदन के माध्यम से वकील करने की सलाह दी।
जिलाधिकारी ने कैदियों से संवाद करते हुए कैदियों के लिए चिकित्सक व अन्य सुविधाओं की उपलब्धता के संदर्भ में जेल अधीक्षक को आवश्यक निर्देश दिए। वैसे कैदी जिनके कोई रिश्तेदार नहीं है उनके जमानत की पैरवी के संदर्भ में सरकारी वकील की व्यवस्था के बारे में भी जाना गया।
इस अवसर पर जेल अधीक्षक, अपर जेल अधीक्षक जेलर, चिकित्सक, सहित पुलिसकर्मी आदि मौजूद रहे।