जनपद स्तरीय खेल-कूद प्रतियोगिता का आयोजन 04 फरवरी को
अमिट रेखा/ प्रदीप कुमार श्रीवास्तव /कुशीनगर
जिला युवा अधिकारी ने अवगत कराया है कि वर्ष 2025-26 के अंतर्गत मेरा युवा भारत, कुशीनगर (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) के तत्वावधान में जनपद स्तरीय खेल-कूद प्रतियोगिता का आयोजन 04 फरवरी 2026 को स्पोर्ट्स स्टेडियम, कुशीनगर में किया जाएगा। इसके आयोजन हेतु स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रातः 10:00 बजे से होगा। जनपद स्तरीय खेल-कूद प्रतियोगिता में कबड्डी (बालिका वर्ग), वॉलीबॉल (बालक वर्ग), 400 मीटर दौड़ (बालक/बालिका वर्ग) एवं 200 मीटर दौड़ (बालक/बालिका वर्ग) की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
जनपद कुशीनगर के जिन 05 विकास खण्डों में विकास खण्ड स्तरीय खेल प्रतियोगिता आयोजित की गई थी, वहां से चयनित विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ी/टीमें निर्धारित तिथि एवं समय पर जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम कुशीनगर में प्रतिभाग करेंगी।
विकास खण्ड स्तरीय प्रतियोगिता में एथलेटिक्स में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान तथा टीम गेम्स में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों एवं टीमों को जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे।
प्रतियोगिता में भाग लेना पूर्णतः निःशुल्क रहेगा।
आयोजन समिति द्वारा जनपद के खेल प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की गई है।