छठ पर्व पर घरों की सुरक्षा को लेकर रुद्रपुर पुलिस सतर्क, खाली मकानों को निशाना बना सकते हैं चोर

Nov 12, 2026 - 13:54
 0
छठ पर्व पर घरों की सुरक्षा को लेकर रुद्रपुर पुलिस सतर्क, खाली मकानों को निशाना बना सकते हैं चोर

थाना प्रभारी ने क्षेत्रवासियों से की सावधानी बरतने की अपील, घाट पर जाने से पहले घर की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दी सलाह

अमिट रेखा /घनश्याम मणि त्रिपाठी, देवरिया। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह और उल्लास का माहौल है। वहीं, पर्व के दौरान घरों की सुरक्षा को लेकर रुद्रपुर पुलिस ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। छठ पूजा के अवसर पर परिवार के सभी सदस्य एक साथ घाटों पर अर्घ्य देने पहुंचते हैं, जिससे कई घर लंबे समय तक खाली रह जाते हैं। ऐसी स्थिति का फायदा उठाकर असामाजिक तत्व चोरी की वारदात को अंजाम दे सकते हैं।

इसी को ध्यान में रखते हुए रुद्रपुर थाना प्रभारी निरीक्षक कल्याण सिंह सागर ने क्षेत्रवासियों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पूजा के लिए घर से निकलने से पहले दरवाजे और खिड़कियों को अच्छी तरह बंद कर लें। संभव हो तो घर पर किसी जिम्मेदार सदस्य या भरोसेमंद व्यक्ति को छोड़कर जाएं। कीमती आभूषण, नकदी और अन्य महत्वपूर्ण सामान सुरक्षित स्थान पर रखें। साथ ही आसपास के पड़ोसियों को भी अपने घर खाली रहने की जानकारी देकर निगरानी रखने का अनुरोध करें।

थाना प्रभारी ने कहा कि छोटी-छोटी सावधानियां बड़ी घटनाओं को रोकने में कारगर साबित हो सकती हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि पर्व की खुशियों के बीच सुरक्षा को नजरअंदाज न करें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।

रुद्रपुर पुलिस का उद्देश्य है कि छठ महापर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न हो तथा श्रद्धालु बिना किसी चिंता के पूजा-अर्चना कर सकें।

Akhilesh Rai कार्यकारी संपादक अमिट रेखा हिंदी दैनिक समाचार पत्र