कृषि मंत्री के प्रयास से बघौचघाट विद्युत उपकेंद्र पर 10 एमवीए का नया ट्रांसफार्मर स्थापित
कृषि मंत्री के प्रयास से बघौचघाट विद्युत उपकेंद्र पर 10 एमवीए का नया ट्रांसफार्मर स्थापित
उपभोक्ताओं को मिली बड़ी राहत कृषि मंत्री को किया धन्यबाद
अमिट रेखा/बघौचघाट/देवरिया
विद्युत उपकेंद्र बघौचघाट से जुडे़ उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र बघौचघाट पर गुरुवार को 10 एमवीए क्षमता का नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया गया। इससे पहले उपकेंद्र पर 5 एमवीए का ट्रांसफार्मर कार्यरत था, जो लंबे समय से ओवरलोड की स्थिति में चल रहा था। लगातार बढ़ते बिजली लोड के कारण उपभोक्ताओं को बार-बार कटौती, लो वोल्टेज और फाल्ट की समस्याओं से जूझना पड़ता था।गर्मी के मौसम में बिजली की मांग अचानक बढ़ जाती है। ऐसे में पुराने ट्रांसफार्मर पर अत्यधिक दबाव पड़ने से ट्रिपिंग और आपूर्ति बाधित होने की आशंका बनी रहती थी। अब 10 एमवीए का नया ट्रांसफार्मर लगने से लोड संतुलन बेहतर होगा और उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं सुचारु विद्युत आपूर्ति मिल सकेगी। इससे खासकर आगामी गर्मियों में बिजली व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।उल्लेखनीय है कि बघौचघाट विद्युत उपकेंद्र से लगभग 120 गांव जुड़े हुए हैं। इन गांवों के करीब 15 हजार उपभोक्ता घरेलू उपयोग के साथ-साथ कृषि, लघु उद्योग, व्यापारिक प्रतिष्ठान और शैक्षणिक संस्थानों के लिए इसी उपकेंद्र पर निर्भर हैं। नए ट्रांसफार्मर के चालू होने से पंखा, कूलर, फ्रिज सहित अन्य विद्युत उपकरणों के संचालन में अब बेहतर सुविधा मिलेगी।33/11 विद्युत उपकेंद्र बघौचघाट से कुल पांच फीडर—पकहां, बनकटा, बिशनपुर बाजार, बघौचघाट और मलसी—संचालित होते हैं। ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ने से सभी फीडरों पर वोल्टेज की समस्या कम होगी और फाल्ट की घटनाओं में भी कमी आने की उम्मीद है।अधिशासी अभियंता चंद्रमा प्रसाद ने बताया कि 10 एमवीए का ट्रांसफार्मर लग जाने से पांचों फीडरों के करीब 15 हजार उपभोक्ताओं को आगामी गर्मियों में बाधारहित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। ओवरलोड और फाल्ट की समस्या से काफी हद तक निजात मिलेगी तथा शेड्यूल के अनुसार उपभोक्ताओं को 18 घंटे बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही के प्रयासों से लगे ट्रांसफार्मर को लेकर जनता में हर्ष का माहौल व्याप्त है। इसी क्रम मे ग्राम प्रधान पकहा एवम प्रधान संघ अध्यक्ष मुरारी मोहन शाही ने देर शाम विद्युत उपकेंद्र पहुँचकर विद्युत कर्मचारियों को धन्यबाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर एसडीओ कौशल कुमार, अवर अभियंता अमित कुमार भदौरिया ,मण्डल अध्यक्ष हरीश उर्फ जीपू शाही, गुड्डू मिश्रा, रविन्द्र कुशवाहा,अनूप शाही सहित हरे राम गोड़ हेमंत पटेल, मुनीर अंसारी, मासूम अली, धर्मेंद्र कुमार ,सूरज गोड ,पवन पटेल, राजेश पटेल, वीरेंद्र सैनी, अखिलेश यादव, सुधीर कुमार पटेल, चुनमुन प्रसाद, मोहम्मद सफीक, राजू यादव , मिंटू विश्वकर्मा , शुभम शर्मा,अछैबर यादव, राजेश कुमार, विजय प्रसाद, मोअज्जम अली आदि मौजूद रहे।