कुशीनगर में गोवर्धन पूजा और भैयादूज की रही धूम, बहनों ने भाइयों की लंबी उम्र की कामना की
अमिट रेखा /पडरौना/ कुशीनगर। जनपद में गोवर्धन पूजा और भैयादूज का पर्व पारंपरिक उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महिलाओं और युवतियों ने गाय के गोबर से गोवर्धन (गोधन बाबा) की प्रतीकात्मक आकृतियां बनाकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
पडरौना शहर के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में भी पर्व की रौनक देखने को मिली। जंगल बनवीरपुर गांव में पूजा-अर्चना के बाद महिलाओं और युवतियों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार मूसल से गोधन बाबा की कुटाई की। इस परंपरा के माध्यम से बहनों ने अपने भाइयों की लंबी उम्र, उत्तम स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि की कामना की।
वहीं, पर्व के दौरान महिलाओं ने पारंपरिक मंगलगीत और लोकगीत गाकर उत्सव की खुशियां साझा कीं। गांवों में लोकपरंपराओं और पारिवारिक आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला। पूरे क्षेत्र में त्योहार को लेकर उत्साह का माहौल बना रहा।