आर.पी.आई.सी. कॉन्वेंट स्कूल में वार्षिक खेल उत्सव का भव्य समापन

Jan 2, 2026 - 20:47
 0
आर.पी.आई.सी. कॉन्वेंट स्कूल में वार्षिक खेल उत्सव का भव्य समापन

आर.पी.आई.सी. कॉन्वेंट स्कूल में वार्षिक खेल उत्सव का भव्य समापन

तीन दिवसीय खेल प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाया दमखम

अमिट रेखा/खड्डा/कुशीनगर

आर. पी.आई.सी. कॉन्वेंट स्कूल में आयोजित तीन दिवसीय वार्षिक खेल उत्सव का भव्य समापन उत्साह, उमंग और खेल भावना के साथ संपन्न हुआ। इस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अनुशासन, परिश्रम और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने हाउस के लिए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। खेल उत्सव के अंतिम दिन की शुरुआत वॉलीबॉल प्रतियोगिता से हुई। बालक वर्ग में येलो हाउस एवं रेड हाउस के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें रेड हाउस विजेता तथा येलो हाउस उपविजेता रहा। इसके पश्चात कबड्डी बालक वर्ग श्रेणी 'ए' में रेड हाउस ने प्रथम तथा येलो हाउस ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। कबड्डी बालक वर्ग श्रेणी 'बी' में ब्लू हाउस विजेता एवं ग्रीन हाउस उपविजेता रहा। कबड्डी बालिका वर्ग श्रेणी 'ए' में ब्लू हाउस ने प्रथम तथा रेड हाउस ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं रस्साकसी बालिका वर्ग श्रेणी 'ए' में येलो हाउस विजेता और ब्लू हाउस उपविजेता रहा। इसके बाद आयोजित फुटबॉल प्रतियोगिता में ब्लू हाउस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि ग्रीन हाउस उपविजेता रहा। दिन का अंतिम मुकाबला क्रिकेट का रहा, जिसमें रेड हाउस और ब्लू हाउस के बीच रोमांचक खेल देखने को मिला। इस मुकाबले में ब्लू हाउस विजेता और रेड हाउस उपविजेता रहा। समग्र प्रदर्शन के आधार पर ब्लू हाउस ने 19 स्वर्ण, 08 रजत एवं 02 कांस्य पदक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। येलो हाउस 09 स्वर्ण, 07 रजत एवं 09 कांस्य पदकों के साथ द्वितीय स्थान पर रहा। ग्रीन हाउस ने 06 स्वर्ण, 06 रजत एवं 08 कांस्य पदकों के साथ तृतीय स्थान तथा रेड हाउस ने 05 स्वर्ण,18 रजत एवं 04 कांस्य पदकों के साथ चतुर्थ स्थान प्राप्त किया।सर्वाधिक स्वर्ण पदक जीतकर ब्लू हाउस प्रतियोगिता का विजेता घोषित हुआ। पुरस्कार वितरण समारोह में विजेता खिलाड़ियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक  ई. नीरज तिवारी  ने खिलाड़ियों के उत्साह,अनुशासन एवं खेल भावना की सराहना करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में सह-प्रबंधक  धीरज तिवारी ,उपप्रधानाचार्य  अश्विनी कुमार सहित विद्यालय के समस्त शिक्षकगण एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।कार्यक्रम का समापन खेल भावना,अनुशासन और आपसी सौहार्द के संदेश के साथ हुआ।