सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का नीति आयोग विशेषज्ञ ने किया निरीक्षण
अमिटरेखा/हारून अली/फाजिलनगर कुशीनगर
नगर पंचायत फाजिलनगर में नीति आयोग के सपोर्ट मिशन के तहत स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने के उद्देश्य से एक विशेषज्ञ टीम ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) फाजिलनगर का निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं, मरीजों को दी जा रही सेवाओं, दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई व्यवस्था और रिकॉर्ड संधारण की गहन समीक्षा की।
दोपहर दो बजे नीति आयोग स्टेट सपोर्ट मिशन के विशेषज्ञ डॉ. धीरेन्द्र पाण्डेय ने अस्पताल का दौरा किया। उन्होंने ओपीडी, इमरजेंसी, प्रसव कक्ष, लैब, दवा काउंटर और वार्डों का जायजा लिया। डॉ. पाण्डेय ने स्वास्थ्यकर्मियों से बातचीत कर मरीजों के उपचार, समयबद्ध जांच और रेफरल प्रणाली के बारे में जानकारी ली।
विशेषज्ञ ने मरीजों को बेहतर और त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में मरीजों की सुविधा सर्वोपरि होनी चाहिए। डॉ. पाण्डेय ने साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने, दवाओं की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने, जांच प्रक्रियाओं को सुदृढ़ करने और मरीजों के साथ संवेदनशील व्यवहार अपनाने पर जोर दिया। इसके अतिरिक्त, उन्होंने डिजिटल रिकॉर्ड, समय पर रिपोर्टिंग और टीम वर्क को मजबूत करने की सलाह भी दी।
सीएचसी प्रभारी चिकित्साधिकारी ने इस निरीक्षण को उपयोगी बताया। उन्होंने कहा कि विशेषज्ञ द्वारा दिए गए सुझावों को शीघ्र ही अमल में लाया जाएगा, जिससे क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।