समाधान दिवस में पुलिस अधीक्षक ने सुनीं जनसमस्याएं, थाना गौरीबाजार का किया औचक निरीक्षण
समाधान दिवस में पुलिस अधीक्षक ने सुनीं जनसमस्याएं, थाना गौरीबाजार का किया
औचक निरीक्षण
अमिट रेखा/अंकित वर्मा/देवरिया
देवरिया। पुलिस अधीक्षक देवरिया संजीव सुमन ने थाना गौरीबाजार का औचक निरीक्षण करते हुए वहां आयोजित समाधान दिवस में पहुंचकर आमजन की समस्याएं गंभीरतापूर्वक सुनीं। समाधान दिवस के दौरान बड़ी संख्या में फरियादी उपस्थित रहे, जिन्होंने भूमि विवाद, पारिवारिक कलह, आपसी रंजिश सहित अन्य जनसमस्याओं से पुलिस अधीक्षक को अवगत कराया। पुलिस अधीक्षक ने सभी शिकायतों को ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के स्पष्ट निर्देश दिए।पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। किसी भी फरियादी के साथ अन्याय न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि भूमि विवाद एवं पारिवारिक मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्यवाही करते हुए निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि अनावश्यक विवाद न बढ़ें।समाधान दिवस के उपरांत पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना गौरीबाजार का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर, सीसीटीएनएस कार्यालय, जनरल डायरी कार्यालय, अभिलेखों, मालखाना, हवालात एवं अन्य व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया गया। अभिलेखों के सही रख-रखाव, साफ-सफाई एवं व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारी एवं समस्त पुलिसकर्मियों को जनता के प्रति शालीन व संवेदनशील व्यवहार अपनाने, शिकायतों को गंभीरता से लेने तथा कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण एवं प्रभावी विवेचना पर विशेष जोर दिया गया। इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक गौरीबाजार श्री राहुल सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।