थाना कप्तानगंज का डीआईजी ने किया निरीक्षण, व्यवस्थाएं देख जताई संतुष्
अमिट रेखा /अमित यादव/कुशीनगर/ कप्तानगंज
पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) गोरखपुर परिक्षेत्र शिव शिम्पी चन्नप्पा (एस. चन्नप्पा) ने शुक्रवार को थाना कप्तानगंज का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर पहुंचने पर डीआईजी को सर्वप्रथम गार्ड ऑफ ऑनर की सलामी दी गई, जिसे एसआई अंकित सिंह के नेतृत्व में प्रस्तुत किया गया।
डीआईजी ने थाना परिसर स्थित फरियादी कक्ष का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत लोकार्पण किया। इसके उपरांत उन्होंने थाने के अभिलेखों, मालखाना, हवालात, शस्त्रागार सहित संपूर्ण कार्यालयी व्यवस्था का गहन अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने थाना क्षेत्र के ग्राम प्रधानों, सभासदों एवं अन्य संभ्रांत नागरिकों से संवाद करते हुए साइबर अपराध, भूमि विवाद, महिला अपराध एवं जनशिकायतों के मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने रात्रि गश्त व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त एवं सक्रिय बनाने पर विशेष जोर दिया।
डीआईजी ने थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के बेहतर रख-रखाव तथा पुलिसकर्मियों की कार्यशैली की सराहना की। इस अवसर पर थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों से उपस्थित चौकीदारों को बैग व टॉर्च प्रदान कर सम्मानित भी किया गया।
डीआईजी ने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित एवं निष्पक्ष समाधान ही पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने पुलिसकर्मियों से अनुशासन, संवेदनशीलता एवं ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक केशव कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा, क्षेत्राधिकारी कसया कुंदन कुमार सिंह, थाना प्रभारी निरीक्षक दीपक कुमार सिंह, एसएसआई सूर्यभान यादव सहित पंकज सिंह, सौरभ द्विवेदी, सन्नी जावला, कुलदीप, नागेंद्र गोंड एवं अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।